bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

छात्रों ने समाप्त की भूख हड़ताल

भोपाल. प्रदेश सरकार से फीस वृद्धि के आदेश पर रोक लगाए जाने का आश्वासन मिलने के बाद उज्जैन के आरडी गार्डी मेडिकल कालेज के छात्रों ने बुधवार को टीनशेड पर अपनी छह दिन पुरानी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं फीस वृद्धि के विरोध में ही टीनशेड पर तीन दिन से धरना दे रहे पीपुल्स मेडिकल कालेज के छात्रों ने भी धरना आंदोलन स्थगित कर दिया है।

टीनशेड पर बुधवार शाम आंदोलन समाप्ति के अवसर पर छात्रों के बीच खुशी का माहौल था। छात्रों ने अपना आंदोलन सफल होने की खुशी में जोरदार नारेबाजी भी की। आरडी गार्डी कालेज के छात्र प्रवेश एवं शुल्क विनियामक समिति द्वारा फीस बढ़ाए के विरोध में शुक्रवार से टीनशेड पर भूख हड़ताल कर रहे थे। वहीं पीपुल्स मेडिकल कालेज के छात्रों ने सोमवार से धरना आंदोलन शुरू किया था।

छात्रों के आंदोलन को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी और सज्जन सिंह वर्मा ने भी उठाया था। जिसका समर्थन नारायण त्रिपाठी ने भी किया था। बुधवार सुबह छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करके उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में ऋचा शुक्ला, रजनी पाटीदार, सीपी शर्मा, अवतार पचौरी एवं परवेज शर्मा आदि शामिल थे। मुख्यमंत्री ने फीस वृद्धि के निर्णय को स्थगित किए जाने का आश्वासन दिया था।

धरना स्थल पर बुधवार दोपहर शासन के प्रतिनिधि के तौर पर भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीडी शर्मा पहुंचे, उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया और जूस पिलाकर उनकी हड़ताल समाप्त कराई। ऋचा शर्मा ने बताया कि शासन के प्रतिनिधियों ने दोपहर में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल की उच्च शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा से मुलाकात कराई।

उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि प्रवेश एवं शुल्क विनियामक समिति द्वारा दिए गए फीस वृद्धि के आदेश को स्थगित किया जाएगा। इसके साथ ही एक माह में मप्र निजी व्यावसायिक शिक्षण संस्थान प्रवेश एवं शुल्क का निर्धारण अधिनियम 2007 के प्रावधानों के तहत अपील समिति का गठन कर दिया जाएगा। जहां छात्र फीस से संबंधित मामले की अपील कर सकते है। शासन के आश्वासन के बाद टीनशेड पर बुधवार शाम आरडी गार्डी कालेज के छात्रों ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं पीपुल्स कालेज के छात्रों का कहना था कि उन्होंने फिलहाल धरना आंदोलन स्थगित किया है, परंतु यदि उनकी फीस कम नही हुई तो छात्र एक बार फिर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: