bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

दिन दहाड़े छात्र का अपहरण

भोपाल. कोटरा सुल्तानाबाद इलाके से दिन दहाड़े एक छात्र का अपहरण हो गया। अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के रूप में दो लाख रुपए मांगे हैं। पुलिस के मुताबिक नेहरू नगर पुलिस लाइन निवासी रमाशंकर सिंह जिला पुलिस बल में चालक हैं। रमाशंकर का साला फतेहपुर, उत्तर प्रदेश निवासी 17 वर्षीय भूपेंद्र पिछले साल जुलाई से भोपाल में रहकर दसवीं की प्राइवेट पढ़ाई कर रहा है।

बुधवार की दोपहर भूपेंद्र, रमाशंकर के पिता रणजीत सिंह के साथ नेहरू नगर स्थित स्कूल अपने भांजे अजय को छोड़ने गए थे। अजय को स्कूल छोड़ने के बाद रणजीत सिंह और भूपेंद्र कोटरा सुल्तानाबाद बाजार में एक हार्डवेयर की दुकान पर तार खरीदने लगे। उनके पास साइकिल थी। रणजीत, भूपेंद्र को एक दुकान के पास छोड़कर दूसरी दुकान पर गए थे। जब वे वापस आए तो भूपेंद्र गायब था। साइकिल की टोकरी में एक पत्र पड़ा हुआ था। उसमें लिखा था कि दो लाख रुपए मिलने पर लड़के को छोड़ा जाएगा।

कमला नगर पुलिस ने रणजीत की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज किया है। कोटरा सुल्तानाबाद के बाजार में दुकानदारों से पूछताछ की है, लेकिन कोई इस बात की पुष्टि नहीं कर पा रहा कि वहां से किसी का अपहरण किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं रमाशंकर के परिजनों का कहना कि फरवरी 2008 से उनके घर पांच धमकी भरे पत्र आ चुके हैं। जिसमें लिखा गया था कि उन्हें दो लाख रुपए नहीं मिले तो वे रमाशंकर के बेटे अजय का अपहरण करेंगे। एक पत्र में यह भी उल्लेख था कि होली तक वे उनके घर को बर्बाद कर देंगे। यह पत्र बदमाश उनके घर मौका देखकर डालकर जाते थे। एक-दो बार उन्हें भीड़ में रमाशंकर की जेब भी काटी, जिसका पत्र में भी उल्लेख था। बाद में वे पर्स उनके घर में फेंक कर जाते थे। इन पत्रों के बाद बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए घर का ही कोई व्यक्ति जाता था। रमाशंकर और उनके परिजनों से किसी की रंजिश नही होने के कारण वे किसी पर शक भी नही कर पा रहे है। पुलिस भूपेंद्र की तलाश कर रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: