इंदौर.
सिल्वर मॉल, आरएनटी मार्ग पर बुधवार शाम लिफ्ट अचानक चल पड़ी और उसमें से सामान निकाल रहे युवक का पैर फंस गया। वह आधे घंटे तक बाहर उलटा लटका रहा। बाद में आरी से उसके जूते काटकर किसी तरह पैर निकाला गया। इससे पहले जिसने ने भी उसकी चीख सुनी, दिल दहल गया।
शाम 7.30 बजे 139, एसआर कंपाउंड निवासी रीतेश जोशी हर्ष क्लॉथिंग शॉप, चौथी मंजिल से कपड़े से भरे दो काटरून लेकर तलमंजिल पर आया। लिफ्ट खुली तो पहला काटरून बाहर किया। दूसरा काटरून निकालने के लिए बायां पैर लिफ्ट में रखा ही था कि दरवाजे बंद होने लगे और लिफ्ट ऊपर की ओर चल दी। इससे वह उलटा लटक गया। उसकी चीख सुनकर मॉल की मेंटेनेंस समिति के सचिव डी.पी. मिश्रा पहुंचे और लोगों को इकट्ठा किया।
उन्होंने बताया मैंने जो कुछ देखा उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। बाद में कुछ लोग सब्बल व पेंचकस लाए और लिफ्ट खोलने की कोशिश की। समिति के कैशियर सतीश पावेजा ने बताया की सारी तरकीब फेल हो गई तो आरी मंगवाकर रीतेश के जूते काटना शुरू कर दिए। यह तरीका कारगर रहा और पैर बाहर निकल आया। उसे तत्काल गोकुलदास अस्पताल भेजा।
लिफ्ट का समय खत्म हो चुका था
श्री मिश्रा के अनुसार लिफ्टमैन की ड्यूटी शाम 7.30 बजे खत्म हो जाती है। तब वह लिफ्ट लॉक कर जाता है। रीतेश ने लॉक कैसे तोड़ा समझ में नहीं आ रहा है। रीतेश का कहना है वह जिस शॉप से माल ला रहा था उसके कर्मचारी ने कहा था लिफ्ट खोल दूंगा। उसने कैसे खुलवाई, नहीं पता।
लगा आज नहीं बचूंगा
अस्पताल में भर्ती रीतेश ने बताया लिफ्ट में पैर फंसा और उल्टा लटक गया तो लगा आज नहीं बचूंगा। ईश्वर की कृपा से नया जीवन मिला।