bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

राजनीतिक ड्रामेबाजी पौन घंटे तक चली

इंदौर. एमवायएच तिराहे पर मंगलवार को जमकर राजनीतिक ड्रामा हुआ। युवक कांग्रेस कार्यकर्ता शहर में बढ़ते अपराधों को लेकर भाजपा कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करने आए थे और भाजपाई चाय-नाश्ता लेकर उन्हें यह समझाने के लिए बैठे थे कि अपराध महंगाई की वजह से बढ़ रहे हैं। भारी पुलिस बल की वजह से प्रदर्शन नारेबाजी और धक्कामुक्की में सिमट गया लेकिन इस रस्साकशी की वजह से पौन घंटे से अधिक समय तक आम लोग परेशान होते रहे। करीब ढाई महीने पहले भाजयुमो ने अफजल गुरु की फांसी को लेकर ऐसा ही प्रदर्शन राजबाड़ा पर किया था।

प्रदर्शन के मद्देनजर भाजपा कार्यालय के आसपास सुबह से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। एमवायएच व ममता होटल की ओर बैरिकेड्स भी लगा दिए गए थे। साढ़े नौ बजे शहर युकांध्यक्ष देवेंद्रसिंह यादव कुछ समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा, पार्षद संजय शुक्ला, एनएसयूआई अध्यक्ष टंटू शर्मा भी पहुंच गए। इधर, भाजपा कार्यालय पर भी नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, महामंत्री सूरज केरो, उमेश शर्मा, मुकेशसिंह राजावत सहित कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ था।

कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों के स्वागत के लिए सड़क पर ही टेबलों में नाश्ता सजाकर रखा था और माइक से घोषणाएं की जा रही थीं कि अपराध बढ़ने की मुख्य वजह महंगाई है। एडिशनल एसपी महेशचंद्र जैन सहित पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। 10.30 बजे एडीएम रमेश भंडारी ने युवक कांग्रेसियों को गिरफ्तार करने की घोषणा की। युवक कांग्रेसियों ने श्री भंडारी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन दिया और आंदोलन खत्म कर दिया। इस राजनीतिक ड्रामेबाजी के कारण एमवायएच के आसपास का ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ। पौन घंटे से ज्यादा समय तक आवाजाही बंद रही, जिसके कारण लोगों को खासी असुविधा का सामना करना पड़ा।

अधिकारी-कर्मचारियों से मारपीट के साढ़े सात हजार मामले

युवक कांग्रेस द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि भाजपा शासनकाल में सांप्रदायिक हिंसा व तनाव की साढ़े पांच सौ से अधिक घटनाएं हुईं है। अधिकारी-कर्मचारियों से मारपीट के साढ़े सात हजार मामले दर्ज किए गए। एलआईजी थाने में टीआई की कुर्सी पर कब्जा, भाजपा में यातायात टीआई से मारपीट, विभिन्न थानों में तोड़फोड़, एअरपोर्ट में तोड़फोड़, प्रो. सभरवाल की हत्या सहित विभिन्न मामलों का भी उल्लेख किया गया।

अफजल को प्रश्रय देने से बढ़ रहे हैं अफराध

भाजपा कार्यालय के बाहर जमा कार्यकर्ता माइक पर दोहरा रहे थे कि संसद के हमलावर अफजल गुरु की फांसी टालकर कांग्रेस आतंकवादियों को प्रश्रय दे रही है। इसी वजह से अपराधियों के हौंसले बुलंद हो रहे हैं। गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई बढ़ती जा रही है, जिससे समाज में विकृति आ रही है और अपराध बढ़ रहे हैं। आज भी कांग्रेस में सजा याफ्ता और जिलाबदर लोग पदाधिकारी बने हुए हैं। मौके पर उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, हरप्रतीसिंह बक्षी, आलोक दुबे, राकेश शर्मा भी मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: