इंदौर. गुरुवार को दोपहर चार बजे रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट सुनील दुबे के समक्ष इल्वा ट्रस्ट के चुनाव होने जा रहे हैं। करीब छह माह से चला आ रहा विवाद अभी थमा नहीं है। ताजा विवाद का कारण इंदौर विकास प्राधिकरण की ओर से दो सदस्यों का ट्रस्ट में मनोनयन और उन्हें मतदान का अधिकार दिए जाने पर है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के चुनाव का मामला काफी गरमा गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाईकोर्ट तक गया। जहां से रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट को अपने समक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए गए। गुरुवार को होने वाले चुनाव में जब प्राधिकरण ने दो सदस्यों माणकचंद्र सोगानी व टीकम जोशी को नामांकित कर दिया तो विवाद की स्थिति बन गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष कमल ललवानी ने भी इन्हें स्थायी सदस्य मानते हुए मतदान का अधिकार दे दिया। श्री ललवानी का विपक्षी खेमा इससे नाराज हो गया और उसने लोहा व्यापारी एसोसिएशन के अपने सभी सदस्यों को इसके विरोध में पर्चे तक बांट डाले।
ट्रस्टीगण यशवंत कौशिक और अमीर इंजीनियरवाला ने बताया प्राधिकरण द्वारा नामांकित व्यक्ति को स्थाई सदस्य के रूप में नामांकित करने का अध्यक्ष या किसी ओर को कोई अधिकार नहीं है। अध्यक्ष श्री ललवानी इससे चुनाव में अपना पक्ष मजबूत करना चाहते है। यदि दोनों नामांकित सदस्यों को मतदान का अधिकार मिला तो हम न्यायालय की शरण लेंगे। उधर, प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा का कहना है यदि हमारे नामांकित सदस्यों को मतदान का अधिकार नहीं है तो यह निर्वाचन अधिकारी तय कर देंगे। उनके द्वारा दिया गया निर्णय मान्य होगा।