इंदौर.
अशोका कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यवसायी आबिद मेनन के नौ वर्षीय पुत्र सलमान अपहरण कांड में पुलिस व परिजन भले ही कुछ न कहें जानकार बताते हैं बुधवार दोपहर आजादनगर क्षेत्र में पुलिस व एक अपहर्ता का आमना-सामना हुआ। वह सलमान के परिजन द्वारा तय स्थान पर फेंके गए दस हजार रुपए और मोबाइल लेने आया था जिसमें कामयाब रहा। तमाम घेराबंदी के बाद पुलिस देखती रह गई। एसपी अंशुमान यादव ने ऐसे किसी घटनाक्रम से साफ इंकार किया है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मेमन परिवार के सारे फोन निगरानी में हैं इसलिए अपहर्ता भी सतर्क हो गए हैं। इसी कारण उन्होंने बुधवार को किसी रिश्तेदार को फोन कर रुपए व मोबाइल कपड़े में लपेटकर आजादनगर पुलिस चौकी के पास दोपहर को तय समय पर फेंकने को कहा। साथ में धमकी भी दी कि यह बात पुलिस को बताई तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। फिर भी परिजन ने पुलिस को विश्वास में लेकर सारी जानकारी दी।
अपहर्ता के बताए अनुसार परिवार का एक व्यक्ति तय समय व जगह पर नोट व मोबाइल का बंडल फेंक आया। अपहर्ता को पकड़ने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी इधर-उधर से गुजर रहे थे। कुछ देर बाइक (संभवत: डिस्कवर) पर सवार लंबे बाल वाला एक युवक तेजी से आया और बंडल लेकर भाग निकला। पुलिसकर्मी उसे पकड़ते तब तक चंपत हो गया। बाइक की गति इतनी तेज थी कि नंबर भी नहीं देख सके।
उसके बाद अपहर्ताओं का कोई फोन नहीं आया। पुलिस का मानना है अपहर्ता काफी तंगी में है, जिसके चलते 10 हजार रुपए व मोबाइल मांगा। रुपए खत्म होने के बाद वे फिर संपर्क करेंगे या नहीं इसे लेकर संशय है। फिलहाल पुलिस रिश्तेदार के पास आए फोन के आधार पर अपहर्ताओं की तलाश कर रही है। इसके चलते दो संदिग्ध पकड़े भी गए लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार शाम हुआ अपहरण
मंगलवार शाम अशोका कॉलोनी में घर के करीब खेल रहा सलमान रात 8.30 बजे तक नहीं लौटा तो परिजन ने तलाश शुरू की। पता चला वह 6.30 बजे वह पिचकारी लेने गया था, फिर नहीं दिखा। 10 बजे तक कोई सुराग नहीं मिला तो जूनी इंदौर थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई।
तीन फोन किए अपहर्ताओं ने
इसी बीच घर पर एक फोन आया, जो चाचा आदिल ने उठाया। दूसरी ओर से कहा गया सलमान के पिता से बात कराओ और फोन रख दिया। आदिल ने यह बात पड़ोसी फैजल को बताई। थोड़ी देर में फिर फोन आया तो फैजल ने आबिद (पिता) बनकर बात की। तब उस व्यक्ति ने उनसे मोबाइल नंबर मांगा। कुछ देर बाद फैजल के मोबाइल पर सलमान को छोड़ने के एवज में 20 लाख रुपए की मांग की गई। तब पुलिस हरकत में आई।
दो फोन पीसीओ से
एडीशनल एसपी मनोजसिंह व सीएसपी संजयसिंह सलमान के घर पहुंचे। आईडी कॉलर से दोनों फोन नंबर के बारे में पता लगाया, जो छोटी ग्वालटोली व मूसाखेड़ी स्थित एसटीडी-पीसीओ के निकले। पुलिस ने उनके संचालकों से बात की तो वे कोई खास जानकारी नहीं दे पाए। फिरौती मांगने के आधार पर पुलिस ने देर रात अपहरण का केस दर्ज किया।
मन्नतों का दौर
सलमान के परिवार में दादा आदम मेमन दोनों बेटों आबिद व आदिल के साथ रहते हैं। आबिद के दो पुत्र आमिर व सलमान है जबकि आदिल की शादी हाल ही में हुई है। आबिद की कांच मंदिर के पास सलवार सूट की दुकान है। मंगलवार को उन्हें दिल्ली में बेटे की अपहरण की खबर मिली तो वे बुधवार दोपहर इंदौर पहुंचे। सलमान दिगंबर जैन स्कूल में तीसरी पढ़ता है और सोमवार को ही परीक्षा खत्म हुई। परिजन बेटे की सलामती के लिए मन्नतें मांग रहे हैं।