लंदन.
अगर पुरुष पूर्ण स्वस्थ बच्चे का पिता बनना चाहते हैं तो उन्हें विटामिन बी से भरपूर आहार का सेवन करना चाहिए। यह सलाह एक ताजा अध्ययन में दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं के एक दल ने पाया कि फोलिक एसिड से भरपूर हरी सब्जियों, फलों और मूंग-उड़द व मसूर की दालों का नियमित सेवन करने से पुरुषों में असामान्य शुक्राणुओं का उत्पादन घटता है, जिसकी वजह से जन्म लेने वाले बच्चे में जेनेटिक असामान्यता की आशंका भी कम हो जाती है। कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की मुख्य शोधकर्ता प्रोफेसर ब्रेंडा एस्केनाजी के मुताबिक, स्वस्थ बच्चे के जन्म के लिए माता के संतुलित आहार की बात तो जगजाहिर है, लेकिन इस शोध से पता चला कि पिता के आहार की भी अहम भूमिका हो सकती है।
‘बीबीसी न्यूज’ पोर्टल ने प्रो. एस्केनाजी के हवाले से कहा, ‘यह ऐसा पहला अध्ययन है, जिसमें बताया गया है कि पिता का आहार गर्भ ठहरने के बाद एक स्वस्थ भ्रूण के निर्माण में सहयोग करता है।’ यह अध्ययन स्वस्थ व धूम्रपान न करने वाले 89 पुरूषों के शुक्राणुओं के नमूनों पर आधारित है। शोधकर्ताओं ने इन पुरुषों से उनके द्वारा सेवन किए गए जिंक, फोलैट (फोलिक ऐसिड), विटामिन सी, विटामिन ई और बीटा कैरोटीन के बारे में पूछा। शोधकर्ताओं ने अध्ययन में पाया कि जिन पुरुषों ने दिन में 722 से 1150 माइक्रोग्राम तक फोलिक एसिड का सेवन किया था, उनमें इस एसिड का कम सेवन करने वाले पुरुषों की तुलना विभिन्न प्रकार की एन्यूपोलाइडी अर्थात क्रोमोसोम्स की संख्या में अनियमितता की विकृति कम पाई गई।