HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

उड़ गया सोना और चांदी का रंग

जयपुर. आम आदमी के लिए होली का त्योहार खुशियां लेकर आया है। महंगाई से त्रस्त जनता को सोना, चांदी एवं खाद्य तेलों में गिरावट आने से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि गुरुवार को महंगाई (मुद्रास्फीति की दर) 0.81 उछलकर 11 माह के उच्चतम स्तर 5.92 फीसदी पर पहुंच गई है।

निवेशकों के बिकवाली दबाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई मंदी के भूचाल के बीच जयपुर बुलियन बाजार में गुरुवार को दोनों कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ गई। सोना जेवराती 450 रुपए लुढ़ककर 11800 रुपए तथा सोना स्टैंडर्ड 720 रुपए मंदा होकर 12350 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया।

तीन दिन के अंतराल में जेवराती सोने में 800 रुपए प्रति 10 ग्राम की मंदी आ चुकी है। 17 मार्च को सोना जेवराती 12600 रुपए पहुंच गया था। इसी प्रकार दिल्ली में सोना सोमवार को 13500 रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड पर पहुंच गया था। दो-तीन दिन में इसके भाव 1060 रुपए नीचे आकर यह 12100 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। जयपुर में चांदी (999) 1300 रुपए टूटकर 23500 रुपए प्रति किलो बेची गई।

आयात शुल्क घटाया:

सरकार ने खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों पर लगाम कसने के उद्देश्य से पाम ऑयल पर आयात शुल्क 45 से घटाकर 20 फीसदी कर दिया है। सरसों, सनफ्लावर, रेपसीड और केनोला जैसे खाद्य तेलों पर लगने वाले शुल्क में भी कटौती की गई है।

संशोधन के बाद सरसों, कोलजा और रेपसीड के क्रूड आयल पर आयात शुल्क की दर 20 फीसदी रहेगी जबकि इन किस्मों के रिफाइंड तेलों पर आयात शुल्क 27.5 फीसदी की दर से आयात शुल्क लगेगा। ताजा कटौती से पहले इन तेलों पर आयात शुल्क की दर 75 फीसदी थी। इसके साथ ही शुल्क मुक्त चावल के आयात की अनुमति दे दी है। आयात शुल्क में यह कटौती गुरुवार मध्यरात्रि से प्रभावी हो गई हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: