जयपुर. टीम इंडिया के पूर्व कोच ग्रेग चैपल द्वारा इमर्जिंग मीडिया के क्रिकेट स्टार कार्यक्रम के लिए गुरुवार को यहां की गई चयन ट्रायल सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह गई। ट्रायल के लिए देशभर से 575 युवा क्रिकेटर आए थे, लेकिन जयपुर सेंटर से जिन छह खिलाड़ियों को लिया गया, उनका चयन एक महीने पहले ही हो चुका था। कार्यक्रम के निदेशक चैपल ने एसएमएस स्टेडियम स्थित क्रिकेट एकेडमी पर सुबह सात बजे से ही ट्रायल शुरू कर दी थी।
खिलाड़ियों ने चयन की उम्मीद में पसीना बहाया, लेकिन दोपहर को जब चयनित खिलाड़ियों की घोषणा हुई, तो सभी की उम्मीदें धूमिल हो र्गई। चैपल ने बाद में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि इस ट्रायल से राजेंद्र रुलानिया, रोहित राठी, अनिकेत चौधरी, कल्पेंद्र झा, अतुल चौधरी व गगनदीप सिंह का चयन किया गया। सूत्रों के अनुसार इन खिलाड़ियों का चयन 11 से 22 फरवरी तक लगे चैपल के विशेष शिविर के दौरान ही कर लिया गया था और उनके नाम मीडिया में प्रकाशित भी हो चुके थे।
आज से लगेगा शिविर :
चैपल ने आईपीएल मैच आयोजित होने वाले सेंटरों पर चयन ट्रायल के द्वारा कुल 25 खिलाड़ियों का चयन किया है, जिनका 21 से 30 मार्च तक एसएमएस स्टेडियम पर शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर के आधार पर क्रिकेट स्टार का चयन किया जाएगा, जिसको अगले साल आईपीएल की जयपुर टीम राजस्थान रॉयल्स में खेलने का मौका मिलेगा।
भारतीयों से ज्यादा आक्रामक हैं कंगारू :
चैपल ने कहा कि ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी आक्रामकता में भारतीयों से आगे हैं। अब क्रिकेट का तरीका बदल गया है, इसलिए खिलाड़ियों को अलग तरह से तैयार करना होगा। खिलाड़ी को अब भावनात्मक रूप से भी सुदृढ़ होना पड़ेगा।
कंपनी की गलती खिलाड़ियों ने भुगती
ट्रायल के लिए आयोजकों ने आरसीए फ्यूचर एकेडमी का पता एसएमएस स्टेडियम की बजाय अजमेर रोड स्थित एक मकान का बता दिया। यह मकान आरसीए के एक पदाधिकारी का है। अहमदाबाद, मुंबई सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ी सुबह सात बजे ही वहां पहुंच गए, तो पता लगा कि ट्रायल यहां नहीं, बल्कि एकेडमी पर होगी। इस गफलत के कारण खिलाड़ियों को काफी परेशान होना पड़ा।