न्यूयार्क. आपको जानकर हैरानी होगी कि ज्यादातर पुरुष मांसाहारी भोजन पसंद करते हैं जबकि महिलाएं शाकाहारी भोजन को तवज्जो देती हैं।
‘फूड-बॉर्न डिजीज एक्टिव सर्विलेंस नेटवर्क’ (फूडनेट) द्वारा अमेरिका के 14 हजार व्यस्कों पर किए गए एक अध्ययन से उक्त तथ्य का खुलासा हुआ है।
जार्जिया व अटलांटा में संक्रामक रोगों के बढ़ते प्रभाव को लेकर बुधवार को न्यूयार्क में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में इस अध्ययन रिपोर्ट को पेश किया गया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पुरुष अपेक्षाकृत अधिक बतख, बछड़ों व झींगा मछली इत्यादि का मांस खाना पसंद करते हैं।
वहीं दूसरी ओर महिलाएं सब्जियों खासकर टमाटर और गाजर को अधिक पसंद करती हैं। इसी प्रकार फलों में महिलाएं को स्ट्राबेरी, रसभरी, ब्लूबेरी और सेब ज्यादा अच्छे लगते हैं।
यही नहीं पुरुषों की तुलना में स्त्रियां मेवे जैसे कि बादाम,अखरोट और अंडे व दही को भी अपेक्षाकृत अधिक पसंद करती हैं।
इस अध्ययन में यह भी ज्ञात हुआ है कि पुरुष गैर पास्चरीकृत दूध व उससे बने पनीर व अधपके हैमबर्गर को अधिक पसंद करते हैं जबकि महिलाएं ताजा हैम्बर्गर खाना पसंद करती हैं।