HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

हुड़दंगियों पर रहेगी नजर

ग्वालियर. holi होली पर रंग में भंग डालने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस सख्त है। राह चलते लोगों पर रंग डालने वाले, फब्तियां कसने वाले और झगड़ा-झंझट करने वालों को पुलिस बिना देर किए थाने में बैठा लेगी और धुलंडी के बाद ही छोड़ेगी।

हादसों और पर्यावरण पर नजर : होली के त्योहार पर किसी के साथ अप्रिय घटित न हो, इसके लिए पुलिस एहतियात बरत रही है। अफसरों ने डच्यूटी के दौरान तैनात रहने वाली पुलिस फोर्स से कहा है कि वे होलिका दहन बिजली के तारों, ट्रांसफार्मर, कचरे के ढेर के आसपास न करने दें।

देहात क्षेत्र में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों को बताया गया है कि वे ग्रामीणों को कुएं और गहरे तालाब के आसपास होली न खेलने दें। इन स्थानों पर होली खेलने में हादसे की संभावना रहती है।

हाईवे पर तैनात किए गए थाना प्रभारियों से कहा गया है कि वे त्योहार के मौके पर दिन-रात पेट्रोलिंग कराएं और यह देखें कि कोई वाहन चालक शराब के नशे में तो वाहन नहीं चला रहा है। शराब के नशे में वाहन चालक मिलें तो इन्हें थाने में बैठा दिया जाए और जब इनका नशा उतर जाए तो जाने दिया जाए।

पुलिसकर्मियों को यह भी देखने के निर्देश भी हैं कि होलिका दहन के दौरान हरे पेड़ न जलाए जाएं। अगर ऐसा होते वे देखें तो क्षेत्र के सीएसपी को बताएं होलिका दहन को रोक दें। हरे पेड़ जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चंदा वसूली पर मामला दर्ज होगा : होली के नाम पर चंदा वसूली की परंपरा के खिलाफ भी पुलिस सख्ती बरत रही है। विगत वर्षो में चंदा वसूली के दौरान हुए झगड़ों को देखते हुए मातहतों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चंदा वसूली के मामलों में सख्ती से निपटें और जरूरी हो तो चंदा वसूलने वालों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लें।

अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ मुहिम : होली पर ड्राय डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर भी निगाह रखी जा रही है, पिछले सालों में जो अवैध शराब बेचने के आरोप में पकड़े गए हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर हिदायत दी गई है कि अवैध रूप से शराब बिक्री न करें, ऐसा करते हुए वे पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दिन बीयर-बार और होटलों पर भी निगाह रखी जाएगी।

चेकिंग : होली के हुड़दंग में दूसरे शहर के बदमाश शहर में आकर वारदात को अंजाम न दे जाएं, इसलिए शहर के प्रवेश द्वारों पर चेकिंग व्यवस्था चौकस की जा रही है। इन प्रवेश द्वारों से जो भी प्राइवेट वाहन शहर में घुसेगा, उसे यहां आने का मकसद बताना होगा और पुलिस इसकी तस्दीक करेगी। शहर में ओवरलोड वाहन और यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों की धरपकड़ भी पुलिस करेगी।

डकैतों के रिश्तेदारों पर नजर : होली के त्योहार पर इनामी डकैत अपने रिश्तेदारों और परिजनों से मिलने के लिए आ सकते हैं, इस संभावना के चलते उनके घरों पर पुलिस की नजर रहेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: