News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
पुरानी छावनी स्थित रायरू गांव में स्थित रेलवे क्रासिंग पार कर रहीं 19 गायें मंगला एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। मौके पर ही इनकी मौत हो गई। घटना दोपहर दो बजे की है। जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण लज्जाराम गुर्जर जौरा से पुरानी छावनी में 19 गायें लाया था। दोपहर लगभग दो बजे जिस समय रेलवे ट्रेक से मंगला एक्सप्रेस गुजर रही थी, उस समय क्रॉसिंग का गेट खुला हुआ था। रेलवे क्रॉसिंग का गेट खुला देखकर लज्जाराम ने गायों को रेलवे ट्रेक पार कराना शुरू कर दिया। इतने में दिल्ली से ग्वालियर की ओर आई मंगला एक्सप्रेस ने गायों को चपेट में ले लिया।
ट्रेन की चपेट में गायों के आने की सूचना मिलते ही रायरू के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुरानी छावनी थाने को घटना की सूचना दे दी। सिटी मजिस्ट्रेट शिवराज वर्मा, सीएसपी ग्वालियर रायसिंह नरवरिया, टीआई पुरानी छावनी डीबीएस भदौरिया और नायब तहसीलदार अनिल राघव भी मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने गायों के मालिक लज्जाराम से आर्थिक मदद की पेशकश की। लेकिन लज्जाराम ने आर्थिक मदद की पेशकश ठुकरा कर गायों की ही मांग कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों ने उसे गाय दिलाने का आश्वासन दिया है। लज्जाराम की सहमति से मृत गायों को जमीन में दफन करवा दिया गया। उधर रेलवे सूत्रों के मुताबिक रेलवे क्रासिंग के गेटमेन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।