News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. साउथ ईस्टर्न कोल फील्ड्स लि.(एसईसीएल)ने गुरुवार को होटल बेबीलान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में कर्मचारियों के लिए एम्प्लाइज ग्रुप ग्रेज्युटी स्कीम को लागू करने के लिए एलआईसी आफ इंडिया के साथ समझौता किया। इस मौके पर एसईसीएल की ओर से एलआईसी आफ इंडिया को 300 करोड़ रुपए का चेक प्रदान किया गया।
कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पार्थो एस भट्टाचार्या ने इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनका प्रयास होगा कि कोल इंडिया की सभी प्राफिट मेकिंग कंपनी यह स्कीम लागू करे। इस स्कीम के लागू हो जाने से जहां कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, वहीं एसईसीएल की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एसईसीएल के अध्यक्ष सहप्रबंध निदेशक बीके सिन्हा ने कहा कि यह स्कीम एसईसीएल के कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सामाजिक सुरक्षा के लिए लागू की गई है। इससे परिवार का भविष्य अच्छा रहेगा और स्कीम के लागू होने से 100 प्रतिशत अपंगता होने पर भी कर्मचारी लाभांवित होंगे।
कार्यक्रम में कोल इंडिया के निदेशक(कार्मिक) आर मोहन दास, एसईसीएल के निदेशक (कार्मिक) आरएस सिंह, एसईसीएल के निदेशक (संचालन) व्ही साहिनी एवं एलआईसी के रीजनल मैनेजर जीवी पिंगले तथा कृष्णा मोहन (शाखा प्रबंध) एलआईसी रायपुर उपस्थित थे।