News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. हेमूनगर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई जब बाउंड्रीवाल ढहाने के दौरान दो युवतियों ने हंगामा मचाया, जिससे अमले को उल्टे पैर भागना पड़ा। बाद में दोनों पक्ष रिपोर्ट लिखाने तोरवा थाने पहुंचे।
हेमूनगर में तालाब सौंदर्यीकरण योजना के तहत तालाब किनारे सीसी रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। निगम के अतिक्रमण निवारण अमले ने तीन दिन पूर्व यहां स्थित पार्वती पति ननकूराम को भी सीसी रोड की सीमा पर आ रहे मकान की करीब ढाई फुट बाउंड्रीवाल तोड़ने का नोटिस दिया था, हालांकि उस दिन भी ननकूराम व अमले के बीच विवाद हुआ था। बाद में ननकूराम ने खुद अपना निर्माण तोड़ने की सहमति दी।
अतिक्रमण अमले की मौजूदगी में ननकूराम गुरुवार को बाउंड्रीवाल तुड़वा रहा था, तभी उसकी दो लड़कियां हो हंगामा करते वहां पहुंची और तोड़फोड़ का विरोध करने लगी। इसी बीच एक पत्थर लक्ष्मी नाम की लड़की को लग गया। तनाव बढ़ने पर अतिक्रमण निवारण अधिकारी सीके मानिक ने समझाइश का प्रयास किया तभी एक व्यक्ति फरसा लेकर अमले के तरफ दौड़ा और कर्मचारी तितर बितर होकर भागने लगे।
प्रभारी श्री मानिक ने कर्मचारी को मोटर साइकल स्टार्ट करने कहा और वे सीधे रिपोर्ट लिखाने तोरवा थाने पहुंचे। पीछे-पीछे ननकूराम भी अपनी खून से लथपथ बेटी को लेकर थाने पहुंचा। थाने में भी आरोप प्रत्यारोप लगाकर एक दूसरे से भिड़ंत की नौबत आ गई। पुलिस कर्मियों ने भीड़ को शांत कराया।
तोरवा थाना पुलिस ने दोनों पक्ष की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक अतिक्रमण निवारण प्रभारी सीके मानिक ने नोटिस जारी करने के बाद भी निगम के कार्य में व्यवधान करने और फरसा लेकर दौड़ाने की शिकायत की है। वहीं ननकूराम की बेटी लक्ष्मी ने अतिक्रमण अमले द्वारा पथराव कर सिर फोड़ने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है।