नई दिल्ली. यूपीए सरकार के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि वे चाहते हैं कि अगला चुनाव पूरा गठबंधन एकजुट होकर लड़े। पवार ने यह चिंता भी जताई कि वामदलों के विरोध के कारण अमेरिका के साथ हुए परमाणु करार पर सरकार का आगे बढ़ना मुश्किल होगा।
राकांपा प्रमुख और कृषि मंत्री शरद पवार ने राकांपा के भाजपा के साथ जाने की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि मेघालय गठबंधन सरकार को भाजपा द्वारा बाहर से समर्थन देने के ज्यादा अर्थ नहीं निकाले जाने चाहिए। मेघालय गठबंधन में राकांपा की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा हमारी इच्छा है कि हम कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ें। हम महसूस करते हैं कि संप्रग सामूहिक रूप से संप्रग के तौर पर चुनाव लड़ें। हम पूरे भारत में संप्रग पार्टनर के रूप में चुनाव लड़ना चाहेंगे, जैसा हमने गोवा और महाराष्ट्र में किया।
परमाणु समझौते पर गठित संप्रग वाम समिति के सदस्य पवार ने कहा वाम दलों के विरोध को देखते हुए इस समझौते पर आगे बढ़ पाना मुश्किल लगता है।