मेरठ. उल्देपुर एनकाउंटर को उत्तर प्रदेश पुलिस की अपराध शाखा द्वारा फर्जी करार दिए जाने के बाद इंचोली पुलिस ने दो इंस्पेक्टरों समेत 21 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं।
मेरठ में उल्देपुर के जंगलों में इंचोली और दौराला पुलिस के दलों ने कुशलपाल, भोपाल और बिजेंदर नामक तीन लोगों को जुलाई 2003 में गोलियों से उड़ा दिया था। इस बारे में उन्होंने जानकारी दी थी कि ये आपराधिक गैंग के सदस्य थे।
इस मामले में कुछ फर्जीवाड़ा होने का शक जताते हुए मृतकों के परिजनों ने कहा था कि पुलिस ने निर्दोषों का कत्ल किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब पुलिसकर्मियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीआईडी की क्राइम ब्रांच ने हाल में इस एनकाउंटर को फर्जी करार दिया था और इससे पहले इस मामले में हुई न्यायिक जांच में भी इस एनकाउंटर को संदेहास्पद बताया गया था।