नई दिल्ली. भारत में चीन के दूतावास में गुरुवार को तिब्बतियों ने जमकर हंगामा किया और सुरक्षा घेरा तोड़कर दूतावास के अंदर तिब्बत का झंडा लहरा दिया। इस प्रदर्शन के दौरान कई तिब्बती घायल हो गए हैं।
अमेरिकी दूतावास के सामने चीनी दूतावास में आज तिब्बत यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और वे दूतावास के अंदर घुसने में भी कामयाब हो गए। इसके बाद पुलिस बल ने उन पर काबू पाने की कोशिशें कीं जिसमें कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए।
करीब 15 तिब्बती दूतावास के अंदर घुसे और वहां उन्होंने तिब्बत का झंडा लहराया। बताया गया है कि ये युवा दीवार और रेलिंग से कूदकर अंदर घुसे। इस प्रदर्शन में कुछ महिलाएं और वृद्ध भी शामिल हुए। इन प्रदर्शनकारियों का मकसद दूतावास के अंदर तिब्बती झंडा लहराना था।
गौरतलब है कि आज ही धर्मशाला में अमेरिकी कूटनीतिज्ञ नैंसी पेलोसी ने दलाई लामा से मुलाकात कर चीनी नीतियों की आलोचना की थी और तिब्बत के रुख को सही ठहराया था। इससे पहले पिछले हफ्ते चीनी नीतियों से नाराज और तिब्बत की स्वायत्तता की मांग को लेकर ल्हासा में भी तिब्बतियों ने भारी प्रदर्शन किया था।