जम्मू: भक्तों को माता वैष्णो देवी के दरबार में आने के लिए बस मौके का इंतजार रहता है। शुक्रवार से शुरू हुई तीन दिन की छुट्टियों के कारण जम्मू रेलवे स्टेशन हो या कटरा, सभी जगह माता के भक्तों का सैलाब नजर आता है। परीक्षा के बाद स्कूलों की छुट्टियों ने भी बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
कुछ दिन पहले तक माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 और 15 हजार के बीच थी, जो गुरुवार से एकाएक बढ़ गई। कटरा में अधिकतर होटल एवं लॉज के साथ ही भक्तों को कटरा से सांझी छत तक पहुंचाने वाले हेलीकॉप्टर भी 31 मार्च तक बुक हैं। इस वक्त औसतन 30 हजार से ज्यादा यात्री यात्री कटरा पहुंच रहे हैं और उम्मीद की जा रही है कि श्रद्धालुओं का आंकड़ा 50 हजार को पार कर जाएगा। हालांकि अधिक भीड़ होने के कारण यात्रा को रोक दिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने प्राचीन गुफा को खोल दिया है, ताकि यात्रियों की संख्या को बढ़ाया जा सके। लेकिन ज्यादा भीड़ होने पर इस गुफा को बंद कर दिया जाता है।
कड़ी सुरक्षा : श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कटरा में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। राजधानी श्रीनगर में दो दिन पहले हुए बम विस्फोट को देखते हुए कटरा और यात्रा मार्ग पर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।