News
Metros
Chandigarh Chandigarh मोहालीतीन युवकों ने नया गांव पुलिस पर बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया है। युवकों का आरोप है कि नया गांव चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिस कर्मियों ने उन्हें करंट लगाया और गर्म प्रेस से जलाया। तीनों युवक सिविल अस्पताल, मोहाली में भर्ती हैं।
अस्पताल में भर्ती नया गांव करोरा के गुरबचन सिंह (ब्लॉक समिति खरड़ का वाइस चेयरमैन), दीपक ठाकुर निवासी, ट्रिब्यून कॉलोनी, सेक्टर-29 और अमित कपूर निवासी, सेक्टर-69, मोहाली ने अपने जख्म दिखाते हुए बताया कि वे बीती रात को नया गांव स्थित अपने बचन फॉर्म हाउस में बैठे थे। उसी दौरान नया गांव चौकी इंचार्ज व अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। युवकों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज और पुलिस कर्मियों ने उन्हें गालियां निकाली और पीटना शुरू कर दिया। उन्हें थाने ले जाकर भी खूब पीटा गया।
रंजिश के चलते पीटा:
गुरबचन सिंह ने बताया कि वे प्रॉपर्टी का काम करते हैं। चौकी इंचार्ज उन्हें परेशान करता रहता था। रंजिश के चलते उनसे मारपीट की गई है।
हथकड़ियों से बांधे रखा:
दीपक ठाकुर ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने उसे पीटने के बाद वायरलेस रूम में हथकड़ियों से रातभर बांधे रखा। सुबह जब उसने कहा कि उसे अस्पताल में दिखाया जाए तो पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
जबर्दस्ती पिलाई शराब:
तीनों युवकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें जबर्दस्ती शराब पिलाई। उन्हें पीटने वाले चौकी इंचार्ज और अन्य पुलिस कर्मियों ने भी शराब पी रखी थी।
चौकी इंचार्ज ने विधायक को दीं गालियां: युवकों को पीटे जाने के बारे में जानकारी लेने और उन्हें छुड़ाने के लिए जब अकाली विधायक जत्थेदार उजागर सिंह बडाली ने नया गांव चौकी इंचार्ज गुरजीत सिंह को फोन किया तो उसने विधायक को भी गालियां निकालीं। विधायक ने एसएसपी को बताया कि उस समय चौकी इंचार्ज ने शराब पी रखी थी।
करंट और प्रैस लगाने का आरोप:
गुरबचन सिंह ने अमित के शरीर और गुप्तांगों पर निशान दिखाते हुए बताया कि पुलिस ने उन्हें करंट लगाया और प्रैस लगाकर टॉर्चर किया। गुरबचन ने बताया कि चौकी इंचार्ज कह रहा था कि अगर उस समय उसके पास रिवॉल्वर होती तो वह उन्हें जान से मार देता।
चौकी इंचार्ज सस्पेंड:
एसपी सिटी वरिंदर पाल ने अस्पताल जाकर पूरी घटना की जानकारी ली। प्राथमिक तौर पर जो बातें सामने र्आई, उनमें युवकों से मारपीट और विधायक से र्दुव्यवहार करने के आरोप में चौकी इंचार्ज गुरजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया गया। उसकी जगह सब इंस्पेक्टर विलियम जे.जी को इंचार्ज लगाया गया है।
एसपी हैडक्वार्टर हरिंदरजीत सिंह सिद्धू को जांच अधिकारी लगाया गया है। उन्हें रिपोर्ट एक महीने में देने को कहा गया है। उसके बाद दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-रणबीर सिंह खटड़ा, एसएसपी मोहाली।
युवक निर्दोष हैं। जो व्यवहार मेरे साथ चौकी इंचार्ज ने किया है, वह बहुत गलत है। मैंने एसएसपी से शिकायत कर दी है।
-उजागर सिंह बडाली, विधायक