HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

एम्प्लाइज ग्रुप ग्रेच्युटी स्कीम लागू

बिलासपुर. एसईसीएल प्रबंधन ने अपने सभी कर्मचारियों के लिए एम्प्लाइज ग्रुप ग्रेच्युटी स्कीम लागू कर उन्हें होली का तोहफा दिया है। यह स्कीम कंपनी के कर्मचारियों व उनके परिवार को सामाजिक सुरक्षा देगी। 100 प्रतिशत अपंग होने पर कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। इस संबंध में गुरुवार को रायपुर के होटल बेबी लान इंटरनेशनल में एसईसीएल व एलआईसी आफ इंडिया के बीच समझौता हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमेन पाथरे एस. भट्टाचार्या ने कहा कि मानवीय संवेदना व मूल्यों के सिद्धांत को अपना कर एसईसीएल ने कामगारों के हित में जो कार्य किया है, ऐसा कार्य कोल इंडिया के किसी भी कंपनी ने नहीं किया है। उन्होंने इसका श्रेय एसईसीएल के सीएमडी बीके सिन्हा व संचालन समिति सहित पूरी टीम को देते हुए कहा कि उनका प्रयास होगा कि कोल इंडिया की सभी प्राफिट कंपनी में यह स्कीम लागू हो। इस स्कीम के लागू होने से जहां कर्मचारियों को लाभ होगा, वहीं एसईसीएल की वित्तीय स्थिति भी मजबूत होगी।

एसईसीएल के सीएमडी श्री सिन्हा ने एलआईसी की सराहना करते हुए कहा कि एसईसीएल में कर्मचारियों के हित में अन्य कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। एलआईसी के कार्यकारी निदेशक वीके शर्मा ने एसईसीएल को उत्कृष्ट सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री भट्टाचार्या, श्री सिन्हा व अन्य अतिथियों ने एसईसीएल की ओर से एलआईसी आफ इंडिया को 300 करोड़ रुपए का चेक दिया और समझौते की प्रति का आदान-प्रदान किया।

कार्यक्रम का संचालन अनुपमा आनंद, समन्वय की भूमिका एलआईसी रायपुर के शाखा प्रबंधक कृष्ण मोहन व धन्यवाद ज्ञापन एलआईसी के रीजनल मैनेजर जीवी पिंगले ने दिया। इस अवसर पर कोल इंडिया के निदेशक (कार्मिक) आर. मोहन दास, एसईसीएल के निदेशक (कार्मिक) आरएस सिंह, निदेशक (संचालन) वी. साहनी, एलआईसी के जोनल मैनेजर आरवी राव सहित अन्य अधिकारी व श्रमसंघ प्रतिनिधि उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: