News
Chhattisgarh
Raipur Raipur कोरबा. मामले में दोनों फरार आरोपियों के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है। करतला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करतला थाना अंतर्गत ग्राम नोनदरहा निवासी निर्मलराम महंत का पुत्र धनीराम (14) नोनदरहा सरकारी स्कूल में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत था।
कल सुबह वह अन्य स्कूली बच्चों के साथ स्कूल पहुंचा और दोपहर मध्यान्ह भोजन के बाद से लापता हो गया। शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन वहीं कोई जानकारी नहीं मिली। परिजन आज सुबह से आसपास गांवों, परिचितों के यहां लापता छात्र की खोजबीन में लगे थे। वहीं सुबह लगभग 11 बजे ग्रामीणों ने नोनदरहा स्कूल के समीप उक्त छात्र के शव संदिग्ध अवस्था में देखा। इसकी जानकारी नोनदरहा निवासी ग्राम कोटवार के चाचा सुखलाल चौहान (40) पिता सखाराम चौहान ने फोन पर करतला पुलिस को दी।
करतला थाना प्रभारी विनायक शुक्ला के बीमार होने के कारण इसकी सूचना कंट्रोल रुम को दी गई। जहां से कोतवाली टीआई सुभाषसिंह व उरगा चौकी प्रभारी एसएस पटेल को मामले की जांच के लिए नोनदरहा भेजा गया। उधर करतला थाने में पदस्थ पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। घटनास्थल स्कूल से महज कुछ दूरी पर स्थित था। आसपास झाड़ियां थीं।
पुलिस ने पाया कि मृत छात्र के शरीर को चाकू से गोदा गया है, वहीं पत्थरों से भी वार किया गया है। पास में रक्त रंजित पत्थर भी बरामद हुआ। इसके बाद जांच में जुटी पुलिस को जानकारी मिली कि गत दिसंबर माह में नोनदरहा स्कूल के एक शिक्षक श्री सोनी का मोबाइल चोरी हो गया था। मृतक धनीराम ने कक्षा में अध्ययनरत अपने सहपाठी कृपाराम व विनोद को मोबाइल चुराते देख लिया था। और उसने बाद में अपने शिक्षक को बता दिया। इस बात से वे दोनों छात्र धनीराम से क्षुब्ध थे। कल कृपाराम व विनोद ने शिक्षक श्री सोनी को मोबाइल वापस कर दिए, इसके बाद इन दोनों को धनीराम के साथ देखा गया था। इसलिए इन दोनों पर हत्या का संदेह जताते हुए पुलिस पूछताछ के लिए इनके घर पहुंची तो दोनों फरार हो गए थे। बहरहाल करतला पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 302 का अपराध दर्ज कर लिया है।