News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रमन सरकार ने प्रदेश में अपने स्तर पर चुनावी तैयारियां तो शुरू कर दी हैं लेकिन भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए हाल में प्रदेश प्रभारी के रूप में रविशंकर प्रसाद की नियुक्ति की है। उनके आने पर चुनावी कवायद और तेज होने की संभावना है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने बताया कि श्री प्रसाद 26 मार्च को यहां आएंगे और प्रदेश के नेताओं से चुनावी रणनीति और वर्तमान राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे। वे दो दिन के दौरे पर आ रहे हैं। 27 मार्च को नईदिल्ली लौट जाएंगे। इस दौरान भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कोर ग्रुप व कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है। इस दिन रंगपंचमी भी है। पार्टी रंगपंचमी पर कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विचार कर रही है।
संकेत हैं कि भाजपा तीन रुपए किलो में गरीबों को चावल देने की योजना को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चुनाव मैदान में जाएगी। इस वजह से श्री प्रसाद इस योजना के क्रियान्वयन के बारे में भी मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं से बात कर सकते हैं। श्री प्रसाद सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जीत सकने वाले उम्मीदवारों के बारे में भी चर्चा करेंगे। फिलहाल पार्टी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वर्तमान सभी विधायकों को टिकट दिया जाएगा या नहीं? पार्टी हलकों में ऐसी चर्चा है कि कुछ विधायकों का टिकट काटा जा सकता है।