भोपाल. दो गायों की दम घुटने से मौत, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गायों को उतारकर ट्रक को आग के हवाले कर दिया, चक्काजाम कर रहे लोगों पर पुलिस ने किया बल प्रयोग।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मिसरोद के पास शुक्रवार को गायों से भरे ट्रक को रोककर गायों को उतार लिया और उसमें आग लगा दी। गायों को महाराष्ट्र के नसीराबाद ले जाया जा रहा था।
सीहोर जिले के आष्टा से ट्रक आरजे-29-जी-1345 में 48 गाय ले जाई जा रहीं थीं। ट्रक बिलखिरिया बायपास से जब मिसरोद पहुंचा, तो श्रीकृष्णपुरम पर इसे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रोक लिया। ट्रक रोकते ही ड्राइवर पप्पू खां भाग निकला। ट्रक में बैठे दो युवकों अफजल और नासिर की युवकों ने पिटाई कर दी। बजरंगियों ने ट्रक से गायों को उतारकर उसमें आग लगा दी।
ट्रक में गायों को इतना ठूंस-ठूंस कर भरा गया था कि दम घुटने से दो गायें मर गईं। वहां पहुंचे एएसपी (देहात) अरविंद सक्सेना ने फायर ब्रिगेड बुलवाई और चक्काजाम पर उतारू लोगों पर हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वहां से हटाया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक में सवार तीनों युवकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। बजरंग दल के विनोद पटेल, कृपाराम, गोविंद पाटीदार, विनोद पाटीदार आदि के खिलाफ बलवा और आगजनी का प्रकरण दर्ज किया गया है।