इंदौर. बाणगंगा क्षेत्र में रंगपंचमी पर 26 मार्च को राधाकृष्ण रासरंग फाग यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें विशेष पिचकारी से 300 फीट तक रंगों की बौछार की जाएगी। यात्रा में गुजरात का गरबा और राजस्थानी लोक नृत्य भी होगा। देवी अहिल्या युवा मंच द्वारा आयोजित यात्रा के संरक्षक रमेश मेंदोला और संयोजक गोलू शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया यात्रा में आरारोट का गुलाल, टेसू और चंदन से बने सूखे रंगों का ही इस्तेमाल किया जाएगा।
इस दौरान कई लोग राधा-कृष्ण और गोपी-ग्वाल के वेश में शामिल होंगे। श्री शुक्ला ने बताया रंगपंचमी पर सुबह 9 बजे यात्रा की शुरुआत मौनी बाबा के आश्रम (नरवल) से होगी, इसके बाद मारुतिनगर, भगतसिंह चौराहा, गोविंदनगर, खारचा, बाणगंगा होते हुए मरीमाता पहुंचेगी।
यात्रा का पूरे क्षेत्र में जगह-जगह विभिन्न मंचों से स्वागत किया जाएगा। फाग यात्रा में राधा-कृष्ण का रथ भी होगा, जिसे श्रद्धालु खींचते हुए चलेंगे। पीछे-पीछे गुजरात की डांडिया पार्टी, राजस्थान के नृतकों का दल और उत्तरप्रदेश के फाग गायकों की टोलियां होंगी। यात्रा के मार्ग को सजाया जाएगा और सड़क पर रामरज बिछाई जाएगी।