HomeNewsMetrosIndore Indore

हुरियारों की मचेगी धमाल

इंदौर. holi शुक्रवार शाम से शहर के चौराहों पर होलिका पूजन और दहन की शुरुआत हुई। महिला-पुरुषों ने परंपरा के अनुसार होली की परिक्रमा की और गेहूं की बालियां सेंककर पकवानों का भोग लगाया। इसके पहले युवाओं ने होलिका सजाई और स्थल के आसपास ध्वजाएं और विद्युत सज्जा की।

कई स्थानों पर भक्त प्रहलाद को गोद में लिए होलिका की मूर्ति भी स्थापित की गई। राजबाड़ा चौक में होलकर राजघराने की परंपरानुसार सरकारी होली जलाई गई। शनिवार को धुलेंडी पर बच्चों और युवाओं की टोलियां सुबह से पिचकारी और रंग-गुलाल लेकर निकलेंगी।

पश्चिम क्षेत्र में हुरियारों की टोलियां हर किसी को रंग-बिरंगा करेंगी। घरों में पकवान बनकर तैयार हैं जिनसे हुरियारों का स्वागत किया जाएगा। इस बीच समाज के लोग शोकाकुल परिवारों पर रंग का छींटा और गुलाल लगाकर उन्हें फिर से जीवन में रंग भरने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

दवा बाजार में फागोत्सव : दवा बाजार में शुक्रवार को आयोजित फागोत्सव में गायक मनीष तिवारी ने भजनों का रंग घोल दिया। इसमें शहरभर के दवा व्यापारी शामिल हुए। इंदौर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया लोगों ने इत्र, गुलाल, सूखें रंगों और फूलों से होली खेली। संचालन अजय जायसवाल ने किया।

संविदनगर सब्जी मंडी में श्री माता वसुंधरा सेवा समिति द्वारा पांचवें फागोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें भजन-कीर्तन और फाग गीतों के साथ ही रंग-गुलाल और फूलों बरसाए गए। समिति की अध्यक्ष अनिषा कोठारी, रूपा जायसवाल ने बताया समारोह में गायक हरीश सिंह और दिनेश ठाकुर के गीतों ने समां बांधा।

शिवमोतीनगर के रहवासियों ने प्राकृतिक रंगों से होली खेली। पार्षद अरविंद बगड़ी के आतिथ्य में सभी ने होलिका पूजन और दहन किया। इसमें कंडों की होली जलाई गई।

रसिकन टोली में : आयो फागुनियो ब्रज में उड़े गुलाल.., कानुड़ो बेगो आजे.. राधा हमारी खेले होली.., म्हारा श्याम सांवराजी.., मैं तो घिर गई रसिकन टोली में आग लगे ऐसी होली में.., होली खेलत है नंदलाल.. और मोहे आज सखी मोहन ने रंग दियो डाल..गीतों ने विद्याधाम एरोड्रम रोड पर शुक्रवार को समां बांध दिया। तीन दिनी फागोत्सव के समापन पर भजन गायक पं. सुधीर व्यास और प्रमोद चौहान ने रात 9 बजे से देर रात तक फाग गीतों की स्वरलहरियां बिखेंरी। पं. दिनेश शर्मा ने बताया इस दौरान फूलों और सूखे रंगों से होली भी खेली गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: