News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. होली पर हुड़दंगियों से निपटने के लिए पुलिस की व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। व्यवस्था भंग करने वालों से निपटने के लिए साढ़े सात सौ जवान शहर में तैनात रहेंगे। शहर में होली के दौरान हुड़दंग करने वालों के साथ पुलिस सख्ती करेगी। पुलिस अफसरों का सोचना है कि सख्ती करने से त्योहार के दिन छोटे-छोटे झगड़ों के कारण कोई बड़ी वारदात नहीं हो पाएगी।
होली पर पुलिस उन लोगों के साथ सख्ती नहीं करेगी जो शालीन तरीके से आपस में होली खेलते हुए सड़क पर निकलेंगे लेकिन उन लोगों को कतई नहीं छोड़ेगी जो शराब के नशे में होली खेलते हैं और सड़क चलते लोगों पर रंग फेंककर उन्हें परेशान करते हैं। ऐसे लोगों को पुलिस पकड़ेगी और हवालात में बैठा देगी। हुड़दंगियों से निपटने के लिए शहर में साढ़े सात सौ जवान तैनात किए गए हैं।
इनमें थानों में तैनात पुलिस जवानों के अलावा अतिरिक्त फोर्स भी तैनात रहेगा। पुलिस के चालीस मोबाइल स्क्वाड्स तैनात रहेंगे। स्क्वाड शहर की मुख्य सड़कों के अलावा गलियों में भी घूमेंगे। गलियों में शराब के नशे में झूमने वाले लोगों को स्क्वाड थाने पहुंचा देगा।
इसके अलावा 42 चीता स्क्वाड भी हुड़दंगियों पर नजर रखेंगे। शहर में थानास्तर पर फिक्स पिकेट्स भी लगाए जाएंगे। इन पिकेट्स में तैनात जवान वाहन चेकिंग करेंगे। मुख्य चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए शराबियों की जांच की जाएगी और ज्यादा शराब पीकर वाहन चलाने वालों की धरपकड़ की जाएगी।