जालंधर. मेयर राकेश राठौर ने कहा है कि शहर की खस्ताहाल सड़कों की दशा सुधारने के लिए अप्रैल में 20 करोड़ रुपए के टैंडर लगाए जाएंगे। साथ ही, गर्मी में पेयजल की स्थित को सुचारू रखने के लिए फेल हो रहे ट्यूबवैल बदले जाएंगे।
राठौर ने कहा कि गर्मी शुरू होते ही नगर निगम पेयजल सप्लाई को लेकर गंभीर हो गया है। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने के लिए नए ट्यूबवैल लगाने के लिए एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। फेल हुए ट्यूबवैल को रिपेयर करने के लिए टैंडर लगा दिए गए हैं।
मेयर ने कहा कि अप्रैल में बीएंडआर के कामों के लिए 20 करोड़ रुपए के टैंडर लगाए जाएंगे, जिससे शहर के सभी वार्डो में सड़क व गलियों को बनाया जाएगा। शहर में सड़क, गली, स्ट्रीट लाइट व पेयजल पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है।
निगम की एफएंडसीसी कमेटी गठित, राठौर बने चेयरमैन
नगर निगम की बजट मीटिंग से तीन दिन पहले मेयर राकेश राठौर ने फाइनांस एंड कांट्रैक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) गठित कर दी। कमेटी में भाजपा के दो पार्षदों सहित सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर को शामिल किया गया है।
मेयर खुद कमेटी के चेयरमैन होंगे। मेयर राठौर ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि कमेटी में सदस्य के रूप में निगम कमिश्नर चंद्रशेखर तलवाड़, सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया, डिप्टी मेयर प्रवेश तांगड़ी, पार्षद सुनीत ज्योति व रवि महेंद्रू को शामिल किया गया है। हाउस टैक्स की सब कमेटी किसी कारणवश गठित नहीं की जा सकी है।
सोमवार को बजट मीटिंग से उसका गठन कर दिया जाएगा। हाउस टैक्स सब कमेटी में अकाली व भाजपा के एक-एक पार्षद को शामिल किया जाएगा। मेयर राठौर को एफएंडसीसी की मीटिंग में छोटे-बड़े कामों को पास करने का अधिकार होगा, जिसे बाद में औपचारिकता हेतु निगम हाउस में रखा जाएगा। विकास कार्यो के लिए एफएंडसीसी की 6 सदस्यी कमेटी प्रस्ताव पारित कर सकती है।
बिना ब्याज के ही जमा कराओ हाउस टैक्स
हाउस टैक्स के बकाएदारों के लिए होली पर नगर निगम अच्छा तोहफा लेकर आया है। निगम के सहायक कमिश्नर डी.पी. भारद्वाज ने कहा है कि डिफाल्टरों के लिए 31 मार्च तक बिना ब्याज के ही टैक्स जमा किए जाएंगे। भारद्वाज ने कहा कि इस संबंध में सरकार ने पत्र भेज कर निगमों को हिदायत जारी की है।