bhaskar Web English
HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

केएलएफ चीफ को छुड़ाने की ताक में आतंकवादी

जालंधर. पाकिस्तानी खुफिया एजैंसी आईएसआई अब खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ दया सिंह लाहौरिया को नाभा जेल से छुड़ाने की ताक में है। आईएसआई के डिप्टी चीफ वशीद अरशद ने पाक में सक्रिय तीनों खालिस्तानी संगठनों बब्बर खालसा इंटरनैशनल, खलिस्तान कमांडो फोर्स, इंटरनैशनल सिख यूथ फैडरेशन से कहा है कि वह 11 साल से जेल में बंद लाहौरिया को किसी भी तरह छुड़ाएं।

खुफिया एजैंसियों की ओर से केंद्र को दी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसे छुड़ाने के लिए ये संगठन विमान अपरहण जैसी कार्रवाई अंजाम देने से भी गुरेज नहीं करेंगे। 11 साल पहले लाहौरिया को अमरीका ने भारत डिपोर्ट कर दिया था। उस पर दस बड़े केस चल रहे हैं।

काठमांडू में आईएसआई अड्डे का दौरा
रिपोर्ट के अनुसार, 27 फरवरी को बब्बर खालसा के डिप्टी चीफ जगतार तारा ने आईएसआई के मोहम्मद खान के साथ काठमंडू स्थित आईएसआई अड्डे का दौरा किया था। लश्कर का मोहम्मद अंसारी भी उनके साथ था।

इस बैठक में लाहौरिया के दो साथी हरकिंदरवीर सिंह और पूरन सिंह भी शामिल हुए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि संसद भवन पर हमले को अंजाम देने वाले मोहम्मद अफजल को भी लाहौरिया के साथ ही छुड़ाने पर सहमति हुई है। इस रिपोर्ट के बाद एयरपोर्टो पर चौकसी बढ़ा दी गई है।

जेल में बैठकर चला रहा ड्रग्स का कारोबार
लाहौरिया की गिरफ्तारी के बाद उसके कई साथी पकड़े गए और कई विदेश भाग गए थे। जेल में रहकर भी वह सक्रिय है। बीते साल उससे जेल में दो मोबाइल पकड़े गए थे।

गत नवंबर में लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने लाहौरिया के भतीजे सुखविंदर सिंह को पाक से आई 6 करोड़ की हैरोइन बरामद की। जांच में खुलासा हुआ था कि यह हैरोइन लाहौरिया ने जेल से केसीएफ चीफ परमजीत सिंह पंजवड़ को पाकिस्तान फोन करके मंगाई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: