आनंदपुर साहिब. आनंदपुर साहिब को चंडीगढ़ के रास्ते मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधा जोड़ने के लिए जल्द ही एक्सप्रैस हाईवे का निर्माण किया जाएगा। इससे इन शहरों के बीच की दूरी लगभग 30 किलोमीटर कम हो जाएगी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल होला महल्ला पर्व के दूसरे दिन राजनीतिक कॉन्फ्रैंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने दावा किया कि राज्य के लोगों के साथ किए वादों को तीन वर्षो के अंदर पूरा किया जाएगा। बादल ने कहा कि खालसा विरासती यादगारी भवन वैसाखी 2009 के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। कीरतपुर साहिब तथा चमकौर साहिब को नोटिफाईड एरिया कमेटी बनाने का काम भी जल्द ही मुकम्मल कर लिया जाएगा।
कांग्रेस ने लोगों का शोषण किया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तो हमेशा ही पंजाब के लोगों का धार्मिक राजनीतिक व आर्थिक पक्षों से शोषण ही किया है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तो कभी भी पंजाब के लिए केंद्र से कोई पैसा नहीं मांगा।
बादल परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं : भट्ठल
आनंदपुर साहिब. राजिंदर कौर भट्ठल ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर परिवारवाद का आरोप लगाया है। भट्ठल शुक्रवार को होला महल्ला के संबंध में कांग्रेस की राजनीतिक कॉन्फ्रैंस को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि परिवारवाद की इससे बड़ी उदाहरण क्या हो सकती है कि उन्होंने अपने बेटे को पार्टी अध्यक्ष बना दिया है। वहीं, मंत्रिमंडल में कई मंत्री उनके रिश्तेदार हैं। उन्होंने कहा, अब तो एक ही कमी रह गई है कि वे पत्नी सुरिंदर कौर को महिला शिअद की अध्यक्ष बना दें।
अकालियों पर कटाक्ष करते हुए भट्ठल ने कहा कि उन्होंने हमेशा धर्म के नाम पर सियासत की है, धर्म के लिए कभी कुछ नहीं किया। उन्होंने बादल को प्रश्न किया कि वे बताएं कि वे पांचवीं बार मुख्यमंत्री बने हैं तथा उन्होंने सिखी के लिए क्या किया। कांग्रेसियों ने हमेशा धर्म के लिए काम किया है।
छज्ज तां बोले छानणी क्यों बोले..
कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से उनके बारे दिए बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भट्ठल ने कहा कि छज्ज तां बोले छानणी क्यों बोले। उन्होंने कहा कि उन्हें कैप्टन अमरिंदर सिंह से कोई सर्टिफिकेट लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कैप्टन को ऐसी बयानबाजी शोभा नहीं देती। अमरिंदर की बयानबाजी कांग्रेस हाईकमान की जानकारी में ला दी गई है।
कैप्टन अमरिंदर की बयानबाजी पर नाराज अंबिका
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजिंदर कौर भट्ठल बारे की गई बयानबाजी पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कैप्टन को नसीहत दी कि वे पार्टी के आंतरिक मामलों को पार्टी लैवल पर ही उठाएं मीडिया में लाकर इन्हें तूल न दें। उन्होंने कहा कि बयान को वे कांग्रेस हाईकमान की जानकारी में लाएंगी।