अमृतसर. राजनीति से परे शुक्रवार को कंपनी बाग में नजारा अलग ही था। रंग बिरंगे गुलाल, पार्षदों की धमा चौकड़ी, ढोल की थाप और उस पर झूमते विधायक अनिल जोशी। घंटों जमी रही महफिल में रंगों के अलावा देशभक्ति के गीत और पंजाबी बोलियां छाई रहीं। जो-जो आता गया, रंगों से नहाता गया और ठुमके लगाता गया।
यह देश है वीर जवानों का, मेरा रंग दे बसंती चोला जैसे देशभक्ति के गीतों पर जहां सभी खूब झूमे, वहीं कंपनी बाग जयकारे वीर बजरंगी हर-हर महादेव, भारत माता की जय और वंदेमातरम् से गूंज उठा। सुबह दस बजे शुरू हुई होली दोपहर एक बजे तक चलती रही।
भाजपा नेताओं और पार्षदों ने एक दूसरे को खूब गुलाल लगाया और होली के पर्व की बधाई दी। जोशी ने कहा कि होली खुशियों और रंगों का पर्व है। इसका स्वरूप बिगाड़ा नहीं जाना चाहिए। मिलकर होली खेलनी चाहिए, ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिसकी हमारी संस्कृति इजाजत न दे।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश सचिव व पार्षद राकेश गिल, पार्षद संजीव खन्ना, पाषर्द अनुज सिक्का, पार्षद सुखमिंदर सिंह पिंटू, दीपक सहगल, जिला शिकायत निवारण कमेटी के सदस्य राम सिंह पवार, भाजपा बीसी सैल के प्रदेश प्रधान मनजिंदर सिंह पलासौर, वरिंदर खन्ना, राकेश भारद्वाज, राकेश मिंटू, जुगल महाजन, आकाश सेठी, गुरप्रीत सोनू, सुशांत भाटिया, अशोक सहगल, गौतम अरोड़ा, नरेश अग्रवाल, विशाल वधावन, नरिंदर शर्मा, अरुण शर्मा, हरिंदर सिंह, चंद्रशेखर शर्मा, दर्पण शर्मा, गौरव गांई, लक्की आदि मौजूद थे।
जोशी ने तोड़ी पिचकारी
माहौल में उस समय हंसी की फुहारे छूट गए जब विधायक जोशी ने पार्षद सिक्का की पिचकारी तोड़ डाली। हुआ यूं कि जब भी किसी पर गुलाल डाला जाता तो सिक्का के पीए पिचकारी से उस पर पानी डाल देते।
होली सूखी ही रहे, इसलिए जोशी ने उन्हें एक-दो बार ऐसा न करने को कहा। जब बात बनती न दिखी तो उन्होंने पिचकारी को ही तोड़ना उचित समझा। सभी कहने लगे ‘तैनू पहले ही केहा सी पानी ना पा’।
जदों कापरेरेशन नूं भुख लग्गी
होली खेलते-खेलते जब दो अढ़ाई घंटे बीत गए तो कापरेरेशन के सुपरिंटैंडेंट महोदय को भूख लग गई। वह बार-बार जोशी से कहने लगे कुछ खाने को मंगा लीजिए। इस पर जोशी ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि कापरेरेशन नू भुख लग्ग गई है, जल्दी कुछ लै आओ।