चेन्नई.
भारतीय टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले ने कहा है कि टीम में सीनियर और जूनियर के बीच भेदभाव मीडिया की देन है।
कुंबले 26 मार्च से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले टेस्ट से पहले यहां संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उनसे वनडे कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के उस बयान के बारे में पूछा गया जिसमें उन्होंने वनडे टीम में जूनियर खिलाडियों को तरजीह दिए जाने की बात कही थी।
कुंबले ने कहा कि टीम चयन में सीनियर और जूनियर के बीच कोई भेदभाव नहीं किया जाता। मीडिया को इन बातों को जरूरत से ज्यादा नहीं उछालना चाहिए। टीम में सीनियर और जूनियर सभी खिलाड़ियों की अपनी भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि टीम के अंदर भी सीनियर और जूनियर को लेकर कोई विवाद नहीं है। उनके बीच बेहतरीन तालमेल है और हर खिलाड़ी अपने भूमिका को अच्छी तरह समझता है।