अहमदाबाद. आस्ट्रेलिया के फारनो टेक्नोलोजीज और गुजरात के फील्डमार्शल समूह मिलकर भारत में बैटरी से चलने वाली आटो और कार बनाएंगे।
दोनों कंपनियों ने 10 अरब रुपये के निवेश से संयुक्त उद्यम स्थापित करने के लिए एक समझौता किया है। इसमें बैटरी से चलने वाले तिपहिया वाहन और कारों का उत्पादन किया जाएगा।
फील्डमार्शल समूह के प्रबंध निदेशक चंद्रकांत पटेल ने बताया, ‘‘तिपहिया वाहनों के अलावा हम प्रतिवर्ष 50,000 कारें बनाएंगे। बाद में इलेक्ट्रिक बसों के निर्माण की भी हमारी योजना है। लेकिन बस परियोजना के लिए अलग से निवेश किया जाएगा।’’
फील्डमार्शल समूह फिलहाल हर महीने डीजल, पेट्रोल और एलपीजी से चलने वाली 450 आटो बनाती है। पटेल ने अपने समूह और आस्ट्रेलियाई समूह के संयुक्त उद्यम में हिस्सेदारी के अनुपात के बारे में बताने से इंकार कर दिया। सूत्रों का कहना है कि इस परियोजना में दोनों की बराबर हिस्सेदारी की होगी।