मुंबई. पिछले कई हफ्तों से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की तरफ से उत्तर भारतीयों के खिलाफ किसी किस्म की हिंसा की खबर नहीं थी लेकिन सोमवार को मनसे की विशाल रैली से एक दिन पहले इस तरह की खबर आई है।
एक समाचार चैनल की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बिहार और उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को मनसे कार्यकर्ताओं ने अपना निशाना बनाया। जुहू बीच पर पहले कुछ लोगों से पूछा गया कि वे किस राज्य के हैं और फिर उन्हें हॉकियों से मारा गया। पीड़ितों ने कहा कि मनसे कार्यकर्ताओं ने उनके सिर और पीठ पर हॉकियां चलाईं।
एक पीड़ित ने बताया कि पहले उन लोगों ने पूछा कि वह किस राज्य का रहने वाला है और जवाब में बिहार सुनते ही उन्होंने मारना शुरू कर दिया। उन्होंने सिर और पीठ पर वार किए इसलिए खुद को बचाने के लिए वहां से भागने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था।
दूसरे पीड़ित ने भी इसी तरह की बात कहते हुए कहा कि यह पता चलने पर कि वह बिहार का है, मनसे कार्यकर्ताओं ने उससे जय महाराष्ट्र बोलने को कहा और उसने डरकर यह बोला भी लेकिन उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इस पीड़ित ने भी वहां से भागकर जान बचाई।
इन लोगों की शिकायत पर सांताक्रूज पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है।