मुंबई. प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की दावेदारी को रविवार को शिवसेना ने समर्थन देने का ऐलान किया।
उपनगर दहिसर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण करते हुए एक कार्यक्रम में शिवसेना के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी ने कहा कि आडवाणी अगर प्रधानमंत्री बनते हैं तो यह भगवान की इच्छा होगी। इस मौके पर आडवाणी भी मौजूद थे।
जोशी का यह बयान ऐसे समय में आया है जबकि पहले कुछेक मौकों पर शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे कह चुके हैं कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार प्रधानमंत्री पद के लिए प्रतिस्पर्धी हैं। बहरहाल, आडवाणी ने जोशी की टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया न देते हुए केवल और शिवाजी और सावरकर पर ही वक्तव्य दिया।
यह भी उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले राष्ट्रपति चुनाव में यूपीए की उम्मीदवार प्रतिभा पाटील को समर्थन देने के बाद दोनों ही भगवा पार्टियों में कुछ मतभेद सामने आए थे।