भोपाल. दसवीं व बारहवीं के विद्यार्थियों के प्रवेश के पहले ही रिजल्ट की तैयारी हो जाएगी। इससे रिजल्ट में होने वाली देरी से मुक्ति मिलेगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने अब विद्यार्थियों के प्रवेश के पहले ही रिजल्ट संबंधी प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है। इसके तहत नए शिक्षा सत्र से जुलाई में ही रिजल्ट के टेंडर हो जाएंगे।
मंडल में हर साल हाईस्कूल व हायर सेकंडरी बोर्ड के रिजल्ट को लेकर लेटलतीफी की स्थिति बनती है। इससे मंडल ने अब शिक्षा सत्र की शुरुआत में ही रिजल्ट संबंधी प्राथमिक प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत जुलाई-अगस्त में ही तय कर लिया जाएगा कि रिजल्ट कौन सी कंपनी बनाएगी और अंकसूची कैसी होगी। नतीजे घोषित करने के लक्ष्य भी तय कर लिए जाएंगे। इसके लिए जुलाई-अगस्त में प्रश्न-पत्र व उत्तर पुस्तिकाएं छापने, अंकसूची बनाने और रिजल्ट तैयार करने के लिए टेंडर बुलाए जाएंगे।
क्या रहेगी स्थिति
बतौर उदाहरण शिक्षा सत्र 2008-09 के लिए जुलाई-अगस्त 2008 में ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश की जा रही है। वर्तमान सत्र 2007-08 के लिए दिसंबर-07 में टेंडर हुए थे।
अभी क्या है प्रक्रिया
वर्तमान में नवंबर-दिसंबर के अंत में टेंडर प्रक्रिया पूरी होती है। पिछले साल दो बार टेंडर किए गए थे, जिससे रिजल्ट लेट होने की स्थिति बनी थी। साथ ही ऐसी कंपनी को टेंडर चला गया था, जिसने हजारों प्रवेश-पत्रों में गड़बड़ियां की थीं।
फैक्ट फाइल-
>> हर साल 10 लाख से अधिक परीक्षार्थी बैठते हैं बोर्ड परीक्षाओं में।
>> 1.25 करोड़ से अधिक कॉपियां छपती हैं।
>> एक करोड़ से अधिक प्रश्न-पत्रों की होती है छपाई।
कोट
परीक्षा के नतीजों में कोई परेशानी न हो, इसके लिए टेंडर संबंधी प्रक्रिया पहले करने पर विचार किया जा रहा है।
- डीडी अग्रवाल, सचिव, माध्यमिक शिक्षा मंडल