जयपुर. प्रदेश के पूर्वी भाग में रविवार को तेज धूलभरी आंधी व बरसात होने से गर्मी से तो राहत मिली, पर खेतों में खड़ी व कटी सरसों व चने की फसलों को नुकसान की आशंका से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने उदयपुर व कोटा सभांगों में बारिश व तेज हवा की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ पश्चिमी इलाके में गर्मी बढ़ गई है। राजधानी में हल्के बादलों के बीच अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट रही।
बारां के सारथल क्षेत्र में शाम चार बजे बाद तेज हवाएं चली और बादलों की गर्जना के साथ आधे घंटे तक बारिश हुई। कोटा में सुबह से ही हल्के बादल छाए रहने से लोगों को धूप से राहत मिली। शाम चार बजे धूल भरी आंधी चलने लगी। रविवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर में दिन का तापमान 37.5 डिग्री तक पहुंच गया।