जयपुर. राज्यपाल शीलेंद्र कुमार सिंह ने कहा है कि कानूनों और बिलों से धार्मिक समुदायों में भाईचारा पैदा नहीं किया जा सकता। वे रविवार तड़के ऑल सेंट्स (प्रोटेस्टेंट) चर्च में ईस्टर पर्व के मिडनाइट मास में शामिल होने के बाद बोल रहे थे।
इससे पहले वे सेंट जेवियर्स (कैथोलिक) चर्च भी गए। गौरतलब है कि ईसाई समुदाय धर्म स्वातं˜य बिल का विरोध कर रहा है। इस बिल को विधानसभा ने दो दिन पहले ही पारित किया है।
राज्यपाल ने आज के हालात की तुलना महाभारत युद्ध के दौरान धर्म संकट में फंसे अजरुन से करते हुए कहा कि यह कर्तव्य निभाने का मौका है, न कि अपने परायों के मोह में उलझने का। उन्होंने कहा, समाज में प्रेम और भाईचारा अपने कर्तव्य को ईमानदारी से निभाकर ही लाया जा सकता है।
यह काम कानून और बिलों के जरिए कभी नहीं हो सकता। हमें सभी धर्र्मो का समान आदर करना सीखना होगा। राज्यपाल सेंट जेवियर्स चर्च में रात पौने 12 बजे गए और तड़के दो बजे तक वहां रुक कर विशेष धार्मिक सेवा में शामिल हुए।