bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

अशांति की होली

कुक्षी (धार). यहां से करीब 13 किलोमीटर दूर पलासी के सोड्यपुरा से शनिवार शाम एक किसान के लापता 12 वर्षीय बालक का सुराग नहीं लगा पाने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार सुबह 10.30 बजे पुलिस अफसर-कर्मचारियों व संदेही आरोपियों पर पथराव कर दिया। इसमें सात पुलिसकर्मियों समेत 16 लोग घायल हुए।

तीन वाहनों के कांच फूटे हैं, जिनमें से एक पुलिस का है। बदले में पुलिस ने हवाई फायर कर आंसूगैस के गोले छोड़े और भीड़ पर काबू पाया। इस दौरान लाठियां भी भांजीं। आलीराजपुर, नानपुर, निसरपुर, डही, मनावर से अतिरिक्त फोर्स भेजा गया। देर शाम बालक का शव घटनास्थल के समीप एक नाले से बरामद किया गया।

किसान भुवानसिंह सोलंकी के बेटे निर्भयसिंह का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया। निर्भय की मां केसरबाई ने बताया शनिवार शाम सात बजे निर्भय अपने हमउम्र दोस्तों सुनील, मालसिंह व संजय के साथ पान की दुकान पर गया था। वहां से उसे एक रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने वाला लाला पिता अब्दुल बक्श अपने घर ले गया। निर्भयसिंह बहुत देर तक नहीं लौटा तो भुवानसिंह उसे लेने लाला के घर गए। लाला ने कहा वह तो यहां से चला गया। इसके बाद कुक्षी थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई और रातभर बालक की खोजबीन की लेकिन नहीं मिला।

रविवार सुबह नौ बजे गांव के पटेल सुभानसिंह, चौकीदार मंगलीबाई और भुवानसिंह गांववालों के साथ कुक्षी थाना पहुंचे और लाला पिता अब्दुल बक्श, शंकर पटेल, रामपाल और सूरज पर निर्भय का अपहरण करने के आरोप लगाए। ये सभी एक रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी हैं। ..शेष पेज ६ पर

इसके बाद पुलिस अफसर पलासी के पास स्थित कंपनी कर्मचारियों के घर गए जहां बड़ी संख्या में गांववाले पहले से मौजूद थे। अफसर संदिग्ध आरोपियों को थाने ले जाने लगे तो ग्रामीणों ने रोक लिया और कहा पूछताछ यहीं करना होगी। बात बढ़ी और गांववाले नहीं हटे तो पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस व संदेही आरोपियों पर पथराव कर दिया जो करीब 15 मिनट चला। इसमें 16 लोग घायल हुए जिनमें सात पुलिसकर्मी हैं।

फोर्स की कमी के कारण अफसर सख्ती नहीं बरत पाए। उपद्रव बढ़ने पर चार हवाई फायर कर आंसूगैस के गोले छोड़े। अतिरिक्त फोर्स पहुंचने के बाद करीब 3.30 बजे घायलों को कुक्षी अस्पताल लाया गया। शाम करीब 4 बजे कलेक्टर उमाकांत उमराव व एसपी चंचलशेखर भी मौके पर पहुंचे।

शाम को नाले से लाश मिली :

शाम को पलासी के करीब बहने वाले मौसमी नाले से निर्भयसिंह की लाश बरामद की गई। यह कंपनी कर्मचारियों के मकान से करीब 200 मीटर दूर है। बालक के कपड़े फटे हुए थे। देर शाम कुक्षी अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।

चार हिरासत में :

पलासी में पथराव हुआ। भीड़ पर काबू पाने के लिए आंसू गैस छोड़ी गई। बालक का शव बरामद हो गया है। चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। पलासी में स्थिति नियंत्रण में है।
-चंचलशेखर, एसपी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: