इंदौर. डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के जन्मदिवस 14 अप्रैल पर उनकी जन्मस्थली महू में महाकुंभ होगा। इसमें बाबा साहब की 14 फीट ऊंची प्रतिमा व स्मारक का लोकार्पण मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान करेंगे।
आयोजन प्रभारी व लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को रेसीडेंसी पर आयोजित बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए। 14 अप्रैल को सुबह 8 बजे से अस्थि कलश यात्रा स्मारक से शुरू होगी जो शहरभर में घूमती हुई समारोह स्थल पर पहुंचेगी।
लोकार्पण समारोह 11 बजे होगा। बैठक में आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रीता उपमन्यु, बौद्ध भिक्षु एवं स्मारक प्रमुख भंते संघशील, कलेक्टर विवेक अग्रवाल, एस.पी. अंशुमान यादव सहित बाबा साहब स्मारक निर्माण समिति के सदस्यों सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।