HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

रंग-चंग संग उमंग-हुड़दंग

अजमेर. होली का त्यौहार शनिवार को शहर में हषरे-उल्लास से मनाया गया। शुक्रवार को शहर के विभिन्न इलाकों में होलीका दहन किया गया। वहीं दूसरे दिन धुलंडी को पूरा शहर रंग और गुलाल से रंग गया।

शुक्रवार को शहरवासियों ने जलाने के लिए जगह-जगह होलिका सजाई। रंगोली, गुब्बारों एवं फर्रियों से सजावट की गई। शाम को शहर में शुभ मूहुर्त में मंत्रोचार के साथ होलीका दहन किया गया। महिलाओं ने होली को बडकूले की माला पहनाई और पूजन किया। साथ ही दशा माता के डोरे के लिए सूत की कूकड़ी और हल्दी को भी होली दहन के दर्शन करवाए। श्रद्धालुओं ने इससे पूर्व भक्तराज प्रहलाद का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

शनिवार को धुलंडी पर लोग रंग और गुलाल से सराबोर नजर आए। मस्ती में डूबे लोगों ने जमकर एक-दूसरे को रंगा। युवा टोलियों ने गली-मोहल्लों में डीजे म्यूजिक के साथ होली का हुड़दंग किया। वहीं बुजुर्र्गो ने होली का रंग, भंग और ठंडाई के साथ जमाया। सुबह 10 बजे से ही शहर में होली की रंगत शुरू हो गई थी। लोग वाहनों पर बैठकर अपने परिचितों और रिश्तेदारों के घर होली खेलने के लिए आते-जाते रहे। शाम को लोग शुभकामनाएं देने एक-दूसरे के घर गए।

‘गोर गोर गौमती, ईसर पूजे पार्वती..’

शनिवार से शहर में महिलाओं ने अखंड सुहाग की कामना के लिए ईसर-गणगौर पूजने की भी शुरुआत की। हरी दूब के साथ महिलाओं ने ईसर और गणगौर का पूजन किया। महिलाएं सोलह दिन तक गणगौर का पूजन करेंगी। धुलंडी के दिन से गणगौर पूजन की शुरुआत हो जाती है। भाजपा की होली में राजनीति के रंग

भाजपाइयों ने जहां लाल, नीले, गुलाबी रंगों से होली खेली, वहीं राजनीतिक रंग भी इस बार की होली में देखने को मिला। पिछले तीन सालों से हर होली पर महफिल का केंद्र रहे शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के घर पर तो भाजपाइयों ने होली खेली ही, मगर शहर अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा ने अपने घर पर अलग से भाजपाइयों के लिए होली खेलने का आयोजन कर राजनीति की गणित के नए समीकरणों की ओर इशारा किया।

ाजनीतिक क्षेत्र में चर्चा है कि चुनावी वर्ष के कारण कहीं भाजपा की अंदरूनी राजनीति में अजमेर के कार्यकर्ताओं के लिए दो केंद्र तो नहीं बन गए। हेड़ा ने होली खेलने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए सुबह 10 से 11 बजे का समय रखा था। कार्यकर्ताओं का मजमा लगा रहा और जमकर होली खेली गई। उधर देवनानी के घर दो बजे तक होली के रंग बिखरे। हेड़ा के घर लगे मजमे को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है कि वे अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से इस बार सशक्त गैर सिंधी उम्मीदवार हो सकते हैं, इसीलिए अपनी जाजम अलग बिछाई।

यहां भी बिखरे रंग

भाजपा के अन्य नेताओं के घर भी होली के रंग बिखरे। नगर परिषद सभापति धर्मेन्द्र गहलोत पार्षदों के दल के साथ होली के हुड़दंग में शामिल हुए, तो उप सभापति सोमरत्न आर्य के घर भी कार्यकर्ता जुटे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रीकिशन सोनगरा के आवास पर भी कार्यकर्ता और पदाधिकारी होली खेलने पहुंचे।

प्रशासन की होली डीसी के घर

कलेक्टर नवीन महाजन के अवकाश पर होने के कारण जिला प्रशासन के अफसरों की होली का केन्द्र इस बार संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती का घर रहा। जिले में तैनात प्रशासनिक अफसर सुबह से ही उप्रेती के घर पहुंचने लगे और उन्हें मुबारकबाद दी। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर मीणा, कार्यवाहक कलेक्टर केके शर्मा, एडीएम सिटी स्नेहलता पंवार, अतिरिक्त कलेक्टर द्वितीय लालाराम गूगरवाल, जिला रसद अधिकारी बीएल सुनारिया, जिला आबकारी अधिकारी रामनिवास जाट, कोषाधिकारी राजेन्द्रसिंह पंवार, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव एलडी यादव सहित कई अफसर वहां पहुंचे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: