पुष्कर.
हिन्दुस्तान के रस्म-ओ-रिवाज स्पेन के प्रेमी-प्रेमिका के दिलों में इस कदर रच-बस गए कि उन्होंने रविवार को पुष्कर सरोवर के तट पर हिन्दू रीति-रिवाज से ब्याह रचा लिया।
स्पेन के पाऊ सेमपिटरो और उसकी प्रेमिका इस्थेर ग्यूरा हमवतन दोस्तों के साथ सज-धज कर मुख्य गऊघाट पहुंचे। दोनों ने पुरोहित से हिन्दू रीति-रिवाज से उनकी शादी कराने को आग्रह किया। पुरोहित ने तनिक भी देरी नहीं करते हुए दोनों को सरोवर किनारे बैठा दिया। पुरोहित ने हिन्दी में मंत्र पढ़ते हुए पहले युगल को सरोवर की पूजा कराई।
सरोवर पूजने के बाद पाऊ सेमपिटरो और इस्थेर ग्यूरा ने वरमाला और मांग में सिंदूर भरने की रस्म पूरी की। सादगी से शादी रचाने के बाद नवदम्पती ने मित्रों के साथ होटल में लंच किया। इस दौरान पाऊ ने बताया कि पुष्कर में हिन्दू रीति-रिवाज से शादी करने का उनका पुराना सपना था, जो आज पूरा हुआ। वे बहुत खुश हैं। मालूम हो कि पहले भी यहां कई विदेशी युगल हिन्दू रीति-रिवाज से शादी रचा चुके हैं।
51 का दूल्हा, दुल्हन 37 की
रविवार को पुष्कर में शादी रचाने वाला स्पेन का पाऊ सेमपिटरो 51 साल का है, जबकि उसकी दुल्हन बनी इस्थेर ग्यूरा 37 साल की है। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। अपनी महिला मित्र की प्रेरणा से खास तौर पर शादी करने के लिए ही दोनों दो दिन पहले पुष्कर आए थे।