बीकानेर. दंतौर में भूमि विवाद को लेकर होली की पूर्व रात्रि दो गुटों के बीच पथराव व फायरिंग हो गई। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर आरएसी तैनात की गई है। इस प्रकरण में लापरवाही बरतने पर पूगल थाना प्रभारी और दंतौर के चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है।
दंतौर बाजार में चौराहे के पास दुकान की भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। गांव के ही शंभूखां और किशन कड़वा उस भूमि पर अपना दावा जताते हैं। 20 मार्च की रात 10 और 11 बजे के बीच दोनों पक्षों के 40-50 लोग लाठियां, राइफलें लेकर आमने-सामने हो गए। दोनों तरफ से करीब एक घंटे तक जमकर पथराव हुआ और गोलियां भी चलीं, जिसमें कुछ लोगों के मामूली चौटें आईं। घटना के समय चौकी पर एएसआई और सिपाही ही तैनात थे। वे कुछ भी नहीं कर सके।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पूगल थाने से जाब्ता पहुंचा तो उन पर भी पत्थर बरसाए गए। पुलिस और दोनों गुटों के बीच लाठी-भाटा जंग हुई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल टाक व खाजूवाला डीवाईएसपी केवलराम आरएसी बल सहित मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल को चारों तरफ से घेर लिया गया।
घटना के बाद 21 और 22 मार्च को गांव में सन्नाटा छाया रहा। पुलिस के डर से लोग बाजार की तरफ नहीं गए। गांव में होली भी फीकी रही। पुलिस ने धरपकड़ कर नौ जनों को गिरफ्तार किया है। दंतौर चौकी इंचार्ज विष्णु की ओर से दर्ज प्राथमिकी में आरोपी समूखां, सुभान खां, मोहम्मद दैया, सत्तारखां, इकबाल, इब्राहिम, वाहिद, नजर हुसैन, इस्माइल खां को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है। शनिवार को महावीर को उसके परिजनों ने पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया है। उसके पैर में गोली लगना बताया गया है।