कोटा. कोटा-बूंदी राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 12 के रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज (आरओबी) बनाने के लिए नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने पहल कर दी है। न्यास ने कोटा सुपर थर्मल पॉवर के जयपुर मुख्यालय को इसका प्रस्ताव भेजा है। यदि थर्मल इस प्रस्ताव को मान लेता है तो न्यास कंसलटेंसी का कार्य शुरू कर देगा। न्यास ने वर्ष 2008-09 के बजट में इसके लिए 20 लाख रुपए का प्रावधान रखा है।
हर दिन कई बार लगता है जाम:
बूंदी रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 12 पर थर्मल के लिए रेल लाइन बिछी होने से ट्रेन गुजरने के दौरान दिन में कई मर्तबा जाम की स्थिति बनती है और ट्रैफिक तकरीबन ठहर सा जाता है।
ओवर ब्रिज की जरूरत क्यों
राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण इस हाइवे पर यातायात का खासा दबाव रहता है। कोटा-बूंदी अपडाउनर्स भी इससे चलते हैं। पीडब्ल्यूडी की ओर से किए गए एक सर्वे के मुताबिक हाइवे से प्रतिदिन लगभग 30 हजार वाहन गुजरते हैं। इसमें से भारी वाहनों की संख्या 8,395 है।
5 ट्रेनें गुजरती हैं
थर्मल में कोयला ले जाने व खाली माल वाहक ट्रेन के वापस लौटने के दौरान प्रतिदिन औसतन 5 ट्रेनें रेल लाइन से गुजरती हैं। यूआईटी का रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए कोटा थर्मल से संपर्क किया गया है। चूंकि लाइन थर्मल के लिए बिछी है, इसलिए उनका भी सहयोग लेना प्रस्तावित है।
—वी.के.गोलछा, एसई, यूआईटी
न्यास की तरफ से जयपुर मुख्यालय में चेयरमैन के नाम पत्र आया है। अब यह सरकार पर निर्भर करता है कि रेलवे ओवरब्रिज को लेकर वह क्या निर्णय करती है। कारण कि थर्मल के पास इस सिलसिले में बजट का कोई प्रावधान नहीं है।
—टी.के. बरड़िया,चीफ इंजीनियर, कोटा थर्मल