कोटा. हॉलीवुड और बॉलीवुड में कॅरिअर की राह अब पॉलीटेक्निक कॉलेज से निकलेगी। बजट में राजस्थान के चार संभाग मुख्यालयों पर एनिमेशन एकेडेमी खोलने की घोषणा पर जल्द ही फाइनल मुहर लगने की संभावना है। चारों स्थानों पर पॉलीटेक्निक कालेज में ही एकेडेमी खुलेगी। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। इसके साथ-साथ ऑटोमोटिव डिजाइन, ग्राफिक डिजाइन तथा एकेडेमी ऑफ ड्राफ्ट्समैनशिप कोर्स भी प्रारंभ होंगे।
ये सभी कोर्स जॉब ओरिएंटेड होंगे। इस समय जयपुर के खैतान पॉलीटेक्निक कॉलेज में एनिमेशन एकेडेमी संचालित है जिसका पहला बैच (छह माह) जून 08 में निकलेगा। एक साल के कोर्स का बैच दिसंबर 08 में पूरा होगा। गौरतलब है कि एकेडेमी में ट्रेनिंग लेने वाले प्रत्येक छात्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर की डीक्यू एंटरटेनमेंट कंपनी जॉब दिलाएगी।
कंपनी का राज्य सरकार के साथ एमओयू साइन है। लिहाजा, पहले बैच को तत्काल रोजगार मिलेगा। खैतान पॉलीटेक्निक कॉलेज में संचालित राजकौशल एकेडेमी ऑफ एनिमेशन के डायरेक्टर जीपी पारीक कहते हैं कि इस समय हॉलीवुड तथा बॉलीवुड में इस पेशे के हुनरमंद लोगों की बहुत आवश्यकता है। लिहाजा, यह कोर्स रोजगार के नए रास्ते खोलेगा। पहले बैच के प्रत्येक विद्यार्थी को उनकी योग्यता के अनुसार शुरुआत में 10 से 12 हजार रुपए प्रतिमाह का पैकेज मिलेगा।
इधर, उच्च स्तरीय सूत्रों ने बताया कि पॉलीटेक्निक कॉलेज में एकेडेमी खोलने की घोषणा अब तक हो जानी थी लेकिन, विधानसभा सत्र के कारण इसमें विलंब हो रहा है। जल्द ही सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी जाएंगी।
सरकारी स्तर पर प्रयास
सरकार ने एनिमेशन एकेडमी के लिए प्रदेश स्तर पर राज कौशल एकेडमी की स्थापना की है। पॉलीटेक्निक कॉलेज में एकेडेमी खोला जाना तय है। विस सत्र और मार्च क्लोजिंग के कारण थोड़ा विलंब हुआ है। संभव है कि 31 मार्च से पहले सर्वे के लिए रोजगार निदेशक कोटा आएंगे।’
—प्रवीण माथुर, सहायक निदेशक उपक्षेत्रीय रोजगार कार्यालय