HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

तीन सेकंड में टीबी से मरते हैं दो लोग

ग्वालियर. विश्व में तीन सौ मिलियन लोग क्षय रोग से ग्रसित हैं। इनमें से एक तिहाई टीबी के रोगी भारत में पाये जाते हैं। टीबी के कारण हर तीन सैकिण्ड में दो लोग असमय ही मौत का शिकार हो जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट की मानें तो भारत में हर डेढ़ सेकंड में एक टीबी का नया रोगी पैदा हो जाता है। यह बात जीआरएमसी के चेस्ट एवं टीबी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.डा.केके तिवारी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

प्रो. डा.केके तिवारी ने बताया कि भारत में करीब चालीस प्रतिशत बच्चे टीबी की बीमारी से पीड़ित हैं। गर्भवती महिला के बलगम में टीबी के लक्षण पाये जाते हैं तो उसके बच्चे में भी टीबी होने की संभावना बहुत बढ़ जाती है। दवाओं के माध्यम से बच्चे को इस बीमारी की चपेट में आने से रोका जा सकता है। एड्स के रोगियों को टीबी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे शरीर में टीलिम्फोसाइड कोशिकाएं होती हैं जो टीबी के जीवाणुओं से रक्षा करती हैं। जब किसी व्यक्ति को एड्स हो जाता है तो टीलिम्फोसाइड कोशिकाएं मरने लगती हैं। इसलिए एड्स रोगियों को टीबी होने की संभावना अधिक होती है।

डा.तिवारी ने माना कि टीबी को रोकने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम उतने सफल नहीं हो पाये जितनी इनसे अपेक्षा थी। इसकी प्रमुख बजह यह है कि टीबी को लेकर लोगों में जागरूकता नहीं है। इस बजह से विशेषज्ञों के पास उपचार कराने जाने की बजाय वह नीम हकीम के चक्कर में पड़ जाते हैं। दूसरी बजह यह है कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए लगाया गया स्टाफ कम है।

विश्व क्षय दिवस आज, होंगे कई कार्यक्रम

विश्व क्षय दिवस के अवसर पर 24 मार्च को नगर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। जिला क्षय अधिकारी एवं नोडल आफीसर डा.वीके गुप्ता ने बताया कि 24 मार्च को सुबह आठ बजे महर्षि अरविन्द विद्यालय समाधिया कॉलोनी से क्षय रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से टीबी रन रैली निकाली जाएगी। यह रैली समाधिया कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों मे घूमकर वापस महषर्ि अरविन्द विद्यालय पर समाप्त होगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वन राज्यमंत्री नारायण सिंह कुशवाह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के सभापति ब्रजेन्द्र सिंह जादौन करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएमओ डा.अर्चना शिंगवेकर, क्षेत्रीय पार्षद सतीश बोहरे, भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष डा.रेखा शेटे उपस्थित रहेंगी।

उधर सीएमओ डा.अर्चना शिंगवेकर ने बताया कि विश्व क्षय दिवस क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केन्द्र सिटी सेंटर में दोपहर 12 बजे मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जीआरएमसी की डीन डा.शैला सप्रे उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेएएच के अधीक्षक डा.पीसी महाजन करेंगे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जीआरएमसी के डा. अशोक मिश्रा, डा.केके तिवारी और डा.भरत जैन वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।

टीबी यूनिट मुरार के टीबी कंट्रोल मेडिकल ऑफीसर डा.अनूप प्रधान ने बताया कि विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जगजीवन नगर कुम्हरपुरा में संचालित द मोर्निग स्टार पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा रैली निकाली जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: