News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. होली पर हुड़दंग मचाने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के 9 नेताओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कोटा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वे होली के पहले पुलिस द्वारा एहतियातन की जा रही वाहन चेकिंग का विरोध करते हुए हंगामा मचा रहे थे।
होली पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर वाहनों की जांच करने और हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। 21 मार्च की रात लगभग 11 बजे कोटा थाना प्रभारी वेदवति दरियो स्टाफ के साथ गश्त कर रहीं थीं।
गोबरीपाट, महामाया ढाबा में कुछ युवक जीप सड़क पर खड़ी कर खाना खा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने अन्य वाहनों की तरह उस जीप की भी जांच करनी शुरू कर दी। तभी ढाबे के भीतर से कुछ युवक दौड़कर आए और पुलिसकर्मियों से हुज्जत करते हुए कहा कि ‘हम भाजयुमो के नेता हैं, आप हमारी गाड़ी कैसे चेक कर सकती हैं? हम कोई चोर-उचक्के नहीं हैं।’
गिरफ्तार किए गए युवकों में दीपक सिंह पिता मुरली सिंह तोरवा, तुषार जोशी पिता मुकेश तेलीपारा, पंकज शर्मा पिता डीपी शर्मा जूनीलाइन, शत्रुहन पिता एनडी वासवानी तोरवा, दुर्गेश पिता संतोष पाण्डेय तेलीपारा, ताराचंद पिता रमेश छुगानी तोरवा, गुलाब पिता एनएल अंसारी मगरपारा, दुर्गा प्रसाद पिता पतिराम पाल सेंदरी व राजेश सोनी पिता दीनदयाल बंधवापारा शामिल हैं। जांच में पता चला कि उनके पास गाड़ी के कागजात नहीं थे।
थाना प्रभारी ने उनका चालान काट दिया। चालान काटने के बाद युवक बहस पर उतर आए। उन्होंने थाना प्रभारी को धमकाते हुए नक्सली क्षेत्र में भिजवाने की धमकी दी और साथियों को फोन लगाना शुरू कर दिया। जब उनसे चालान की राशि मांगी गई तो वे न देने पर अड़ गए और उन्हें हवालात में डाल देने के लिए कहते हुए वहां हंगामा मचाने लगे।
काफी हो-हंगामे के बाद पुलिस उन्हें लेकर थाने पहुंची। युवक लगातार फोन पर अपने साथियों को बुलवा रहे थे। वे उन्हें थाने का घेराव करने और मंत्री से बात करने के लिए कह रहे थे। नशे में होने के संदेह पर कुछ युवकों का डाक्टरी मुलाहिजा भी करवाया गया। इसके बाद पुलिस ने युवकों को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।