HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

बारिश से बिजली बदहाल

बिलासपुर. होली पर खराब मौसम ने विद्युत मंडल की सारी व्यवस्था को भी खराब कर दिया। शनिवार की रात हुई बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। शहर के कई मोहल्लों में पूरे रात बिजली बंद रही। रात पौने 11 बजे के बाद एक-एक कर कई स्थानों के इंसुलेटर खराब हो गए और 12 बजे तक जैसे पूरा शहर ही अंधेरे की चपेट में आ गया।

एक घंटे के भीतर 33 केवी की कई लाइनों में खराबी आ गई। सिम्स में इंसुलेटर जल गया, तो तोरवा सब स्टेशन में चौथे पोल में अर्थिग वायर टूट गया। अभी इन्हें सुधारना शुरू भी नहीं किया गया था और बृहस्पति बाजार सब स्टेशन से निकलने वाले चारों फीडर बंद हो गए।

उधर शनिचरी बाजार सब स्टेशन में भी खराबी आ गई। वहां इंसुलेटर जल गया और बिजली सप्लाई ठप हो गई। तिफरा, सिरगिट्टी, कोनी, सकरी, सेंदरी सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में स्थित सब स्टेशनों में भी अचानक हुई बारिश की वजह से खराबी आ गई और ग्रामीण इलाके अंधेरे में डूब गए।

इधर सब स्टेशनों से बिजली सप्लाई ठप होने के बाद देवरीखुर्द, पुराना पावर हाउस, टिकरापारा, हाईकोर्ट रोड, दयालबंद, गांधी चौक, जूना बिलासपुर, बस स्टैंड, व्यापार विहार, सीएमडी कालेज, लिंक रोड, विनोबानगर, रेलवे क्षेत्र सहित पूरे सरकंडा इलाके में भी बिजली बंद हो गई।

उपभोक्ताओं द्वारा दी जा रही सूचना व शिकायतों को कुछ देर सुनने के बाद विद्युत मंडल के कर्मचारियों ने सुनने से तौबा कर लिया। नेहरूनगर, तोरवा, पीजीबीटी कालेज सब स्टेशन में रात में डच्यूटी करने वाले कर्मचारियों ने फोन अटैंड करना बंद कर दिया। विद्युत मंडल के मेंटनेंस दस्तों के वाहन रात में शहर के गली-मोहल्लों के चक्कर काटते रहे। किसी तरह सुबह चार बजे बिजली व्यवस्था बहाल हो सकी।

कुछ स्थानों पर बिजली की आपूर्ति एडिशनल सप्लाई देकर शुरू की गई। जूना बिलासपुर के उपभोक्ताओं ने बार-बार बिजली बंद होने की शिकायत की। सरकंडा के कुछ मोहल्लों में उपभोक्ताओं को पूरी रात बगैर बिजली के ही काटनी पड़ी।

विद्युत मंडल के तोरवा जोन प्रभारी आरके अवस्थी का कहना है कि आंधी व बारिश की वजह से बिजली व्यवस्था कुछ देर के लिए बिगड़ जाती है, शनिवार की रात भी कुछ ऐसा ही हुआ था। कुछ ही घंटे में विभाग ने हालात पर काबू पा लिया था।

पीजीबीटी कालेज सब स्टेशन का घेराव: शनिवार की ही रात करीब ढाई बजे दयालबंद, टिकरापारा, बस स्टैंड सहित अन्य मोहल्लों में रहने वाले उपभोक्ताओं ने पीजीबीटी कालेज सब स्टेशन का घेराव कर विद्युत मंडल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीण इलाकों में भी छाया अंधेरा
शहर में शनिवार की रात को बिजली व्यवस्था चरमराई जबकि जिले के ग्रामीण इलाकों में पिछले चार-पांच दिनों से ही बिजली व्यवस्था का हाल बेहाल है। लोरमी, तखतपुर, मरवाही, गौरेला, मुंगेली ही नहीं, मस्तूरी व बिल्हा ब्लाक के सैकड़ों में गांवों में विद्युत मंडल नियमित रूप से बिजली सप्लाई करने में इन दिनों खुद को अक्षम पा रहा है।

लोरमी ब्लाक के ग्राम बोईरपारा निवारी अनिल शर्मा, सुखनंदन पटेल, मनीराम केवर्त, गरीबा यादव, पीपरखुंटा के शोभाराम कश्यप, देवरहट के निर्मलपुरी गोस्वामी सहित अन्य उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत संबंधित सब स्टेशन से करते हुए कहा है कि ये रोज की बात हो गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: