News
International International लंदन. हैरी पॉटर श्रंखला की लेखिका जेके रॉलिंग की जिंदगी में एक समय ऐसा आया था जब वे अकेली मां की भूमिका के संघर्ष कर रही थीं और उस वक्त परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या करने का इरादा किया था।
हैरी पॉटर श्रंखला की किताबें लिखकर शोहरत और दौलत कमा चुकीं रॉलिंग का कहना है कि वे अपने पति और पुर्तगाली पत्रकार जॉर्ग एरेंटस से अलग होने के बाद अपने बीते हुए कल से छुटकारा पाने के लिए खुदकुशी करने का मन बना चुकी थीं।
लेकिन, ऐसा उन्होंने नहीं किया और पेशेवर परामर्शदाताओं की सलाह ली। नकारात्मक विचारों को नियंत्रित करने वाली संज्ञानात्मक व्यवहार प्रणाली की मदद से उनका इलाज किया गया।
42 वर्षीय रॉलिंग इस समय दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में से हैं जिनकी संपत्ति करीब 545 मिलियन पाउंड है लेकिन रॉलिंग 90 के दशक की शुरुआत में अपनी नवजात बेटी जैसिका के साथ एडिनबर्ग में एक छोटे से फ्लैट में रहती थीं।
रॉलिंग ने उस वक्त के अपने संघर्ष को बयान करते हुए कहा कि उस वक्त हालात बहुत खराब थे। मैं पूरी तरह से हताश थी। लेकिन मेरी बेटी वजह बनी मेरी नई शुरुआत की। अपनी बेटी की खातिर मैंने चिकित्सकीय परामर्श लिए क्योंकि मैंने महसूस किया कि मेरी ऐसी हालत में मेरी बेटी पर नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उस दौरान खुदकुशी के विचार आते रहते थे।
रॉलिंग ने एक इंटरव्यू में इन बातों का खुलासा करते हुए कहा कि यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है क्योंकि मैंने वाकई कठिन वक्त देखा है और मुझे गर्व है कि मैं उससे उबरकर बाहर आई हूं।
मानसिक स्वास्थ्य फाउंडेशन की अभियान निदेशक सेलिया रिचर्डसन का कहना है कि जेके रॉलिंग वाकई एक अद्भुत आदर्श हैं और यह काबिले-तारीफ है कि उन्होंने इस पक्ष का सार्वजनिक तौर पर खुलासा किया है। इससे मानसिक रूप से परेशान लोगों को नकारात्मक विचारों से उबरने का सबक जरूर मिलेगा।