रांची. झारखंड के उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी, विधानसभा अध्यक्ष आलमगीर आलम और नेता प्रतिपक्ष अर्जुन मुंडा समेत कई विधायकों को एसएमएस पर जान से माने की धमकी की शिकायत पर मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
सबसे अधिक आक्रोश में रमेश सिंह मुंडा हैं। वे बीमार हैं और रविवार को उनको तीन बोतल सलाइन चढ़ाई गई है। शनिवार की सुबह उनके सेलफोन पर होली की शुभकामनाओं के बजाय 91-9835897047 नंबर सेल फोन से आए एसएमएस में लिखा था, 'दो अप्रैल को तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी।'उन्होंने इसकी सूचना बुंडू के थानेदार को अपने आवास पर बुलाकर दी और लिखित शिकायत भी की।
उधर पिछले गुरुवार को ही स्पीकर आलमगीर आलम को इसी प्रकार हत्या करने की धमकी दी गई थी, जबकि इसी बीच उपमुख्यमंत्री प्रो. स्टीफन मरांडी को भी ऐसी ही धमकी दी गई। मरांडी, आलम और अर्जुन मुंडा ने इस विषय में डीजीपी वीडी राम को सूचित कर दिया है, लेकिन फोन करने वालों का सुराग नहीं मिल सका है।
मुंडा का कहना है कि उपमुख्यमंत्री और स्पीकर को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जबकि उन्हें तो मात्र दो गार्ड ही हैं। वे रोजाना बुंडू से रांची आना-जाना करते हैं। क्षेत्र भ्रमण भी इन्हीं गार्डो के साथ करते हैं। हालांकि मौत से नहीं डरते, लेकिन एहतियात जरूरी है।
ऐसी स्थिति में प्रशासन का यह सिरदर्द है कि उन्हें किस किस्म की सुरक्षा मुहैया कराता है। उधर एसएसपी एमएस भाटिया ने संपर्क किए जाने पर कहा कि तीनों शिकायतें उनके संज्ञान में हैं। फोन करने वाले को ट्रेस किया जा रहा है, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।