HomeNewsInternational International

यूसूफ रजा गिलानी पाक के नए प्रधानमंत्री चुने गए

इस्लामाबाद.यूसूफ रजा गिलानी बने पाक के नए पीएम पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता यूसुफ रजा गिलानी को सोमवार को पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री चुन लिया गया। नेशनल असेंबली में हुए चुनाव में उन्होंने पीएमएल-क्यू के उम्मीदवार परवेज इलाही को 42 के मुकाबले 264 मतों से पराजित किया। राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ मंगलवार को गिलानी को देश के 15वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ दिलाएंगे।

पांच साल रहेंगे पीएम : इससे पहले पीपीपी के सह-अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने स्थानीय समाचार पत्र ‘द न्यूज’ के साथ बातचीत में साफ कर दिया कि गिलानी तीन महीने के लिए नहीं, बल्कि पूरे पांच साल के लिए प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने गिलानी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे पाकिस्तान की अवाम ही नहीं, विदेशी समुदाय के समक्ष भी प्रधानमंत्री के रूप में पेश किए जाने के लायक हैं। जरदारी ने तमाम अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वे स्वयं प्रधानमंत्री बनने के इच्छुक नहीं हैं।

गिलानी ने की फहीम से मुलाकात : गिलानी ने सोमवार को पार्टी नेता और प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर कर दिए गए मखदूम अमीन फहीम से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि गिलानी के इस कदम का मकसद गिले-शिकवे दूर करना था। हालांकि गिलानी ने इस्लामाबाद में फहीम के फार्म हाउस पर हुई इस बैठक से बाहर आने के बाद इसे एक सौजन्य भेंट बताया।

शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार करेंगे शरीफ : राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के प्रति विरोध जाहिर करने के लिए पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ देश के नए प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। पार्टी प्रवक्ता एहसान इकबाल ने रविवार को कहा कि राष्ट्रपति की ओर से आयोजित होने वाले किसी भी समारोह में शरीफ के भाग लेने का कोई सवाल ही नहीं उठता।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: